दिल्ली में फर्जी आईफोन पार्ट्स रैकेट का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, 1.6 करोड़ का सामान जब्त

New Delhi: A customer unboxes Apple’s newly-launched iPhone 17 Pro smartphone as its sale begins, at the company’s store at Select Citywalk, Saket, in New Delhi, Friday, Sept. 19, 2025. (PTI Photo/Salman Ali) (PTI09_19_2025_000069B)

नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में नकली स्पेयर आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज को असली उत्पादों के रूप में बेचने में शामिल एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है और पांच दुकान मालिकों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान करीब 1.6 करोड़ रुपये का नकली सामान जब्त किया गया।

यह कार्रवाई रोहिणी सेक्टर 3 में एक मॉल और एक बाजार में स्थित पांच दुकानों पर छापेमारी के बाद की गई, जहां बड़ी मात्रा में नकली स्पेयर पार्ट्स और सहायक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन नकली उत्पादों को ग्राहकों को असली सामान के रूप में बेच रहे थे।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश (दिनेश स्पेयर पार्ट के मालिक), शिवम सिंघल (सिंघल की मोबाइल एक्सेसरीज के मालिक), शिवम (परधन जी कम्युनिकेशन के मालिक), पुनीत (सतगुरु एक्सेसरीज के मालिक) और रामकरण शर्मा (कंसल एक्सेसरीज एनएक्सटी के संचालक) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि एक दल को 6 मार्च को विशेष सूचना मिली थी कि रोहिणी में कई दुकानें नकली स्पेयर पार्ट्स और आईफोन के सहायक उपकरण असली के रूप में बेच रही हैं।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एक दल ने चिन्हित दुकानों पर छापे मारे। एप्पल के एक अधिकृत प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलाया गया और ऑपरेशन के दौरान छापा मारने वाली टीम में शामिल हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि छापे के दौरान, दुकान के मालिक आईफोन उत्पादों को बेचने के लिए एप्पल से कोई बिल या प्राधिकरण पेश करने में विफल रहे। कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा निरीक्षण करने पर, बड़ी मात्रा में नकली आईफोन स्पेयर पार्ट्स और सहायक उपकरण, जिनमें बैक पैनल, बॉडी, बैटरी, चार्जिंग फ्लेक्स, बैक कवर, एडेप्टर और यूएसबी केबल शामिल हैं, दुकानों से बरामद किए गए और नकली घोषित किए गए।

पुलिस ने विभिन्न आईफोन मॉडल के लगभग 1,000 बैक पैनल, 180 बॉडी, 228 बैटरी, 48 कैमरा और चार्जिंग फ्लेक्स कंपोनेंट्स, 738 बैक कवर, 14 एडेप्टर और 109 यूएसबी केबल जब्त किए। अधिकारी ने कहा कि बरामद नकली वस्तुओं की अनुमानित कीमत लगभग 1.6 करोड़ रुपये है।

मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि आरोपी कुछ समय से व्यवसाय चला रहा था और आपूर्तिकर्ताओं और खुले बाजार से नकली उत्पादों को मंगाता था।

उन्होंने कहा कि टीमें अब आपूर्ति श्रृंखला की पहचान करने और नकली उत्पादों के मूल स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। पीटीआई बीएम एकेवाई

दिल्ली में #swadesi, #News, फर्जी आईफोन पार्ट्स रैकेट का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, 1.6 करोड़ का सामान जब्त