दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील की कार पर फायरिंग, एक घायल

Gun (Representative Image)

नई दिल्ली, 24 फरवरी (पीटीआई) यहां मंगलवार रात कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) के पास जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े एक वकील की कार पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोलीबारी कर दी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंथिया ने बताया कि फायरिंग की सूचना रात करीब 10 बजे मिली।

उन्होंने कहा, “हम तुरंत मौके पर पहुंचे। एक व्यक्ति घायल था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।”

पुलिस के अनुसार, घटना के समय कार में बिश्नोई की कानूनी टीम से जुड़े एक वकील समेत पांच लोग सवार थे। यह घटना मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास हुई।

कार में सवार लोगों के मुताबिक, तीन हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हो गए। इस दौरान एक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी।

बंथिया ने कहा कि फिलहाल कुछ भी अंतिम रूप से नहीं कहा जा सकता क्योंकि पीड़ितों ने अलग-अलग बयान दिए हैं।

उन्होंने कहा, “कुछ लोग कह रहे हैं कि दो हमलावर थे, जबकि अन्य ने तीन बताए हैं। कितने लोग शामिल थे, कितनी गोलियां चलाई गईं और हमलावर कार से आए थे या मोटरसाइकिल पर, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।”

उन्होंने बताया कि कार में सवार लोगों ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने कहा कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम का पता लगाया जा सके और हमलावरों की पहचान की जा सके।

मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। PTI SSJ MSJ DIV

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग: #swadesi, #News, दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील की कार पर फायरिंग, एक घायल