दिल्ली विधानसभा में सिख गुरुओं के खिलाफ विपक्ष की नेता आतिशी की कथित अपमानजनक टिप्पणी के एक वीडियो पर फोरेंसिक रिपोर्ट को लेकर शनिवार को भाजपा और आप के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।
यह मुद्दा विधानसभा की 6 जनवरी की बैठक से संबंधित है, जिसमें सिख गुरु तेग बहादुर, भाई सती दास, भाई माटी दास और भाई दयाल की शहादत के 350 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चर्चा हुई थी।
सत्तारूढ़ भाजपा ने आतिशी पर गुरु तेग बहादुर के खिलाफ “असंवेदनशील शब्दों” का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और माफी की मांग की।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि चर्चा के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची और सदन की गरिमा को कमतर किया गया।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि एक फोरेंसिक रिपोर्ट, जिसने विधानसभा की कार्यवाही की मूल रिकॉर्डिंग की जांच की, ने स्थापित किया है कि प्रसारित वीडियो क्लिप प्रामाणिक थी और छेड़छाड़ नहीं की गई थी।
सिरसा ने कहा, “आतिशी मार्लेना आज तक (आरोपों का खंडन करने के लिए) आगे नहीं आई हैं क्योंकि उनके पास इस पाप का कोई जवाब नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गुरु तेग बहादुर की शहादत पर 6 जनवरी को हुई चर्चा के दौरान आतिशी ने हंगामा किया और ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जिससे सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची और सदन की गरिमा को नुकसान पहुंचा।
पंजाब में तैयार की गई एक अलग फोरेंसिक रिपोर्ट को खारिज करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि एक एआई उपकरण के उपयोग ने इसकी विश्वसनीयता पर संदेह पैदा कर दिया है।
उन्होंने कहा, “यह राजनीतिक लड़ाई नहीं है। पंजाब की पवित्र भूमि पर पुलिस और राज्य शक्ति के माध्यम से धर्म को डराया-धमकाया नहीं जा सकता।
उन्होंने संस्थानों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए दावा किया कि पंजाब पुलिस और राज्य की एजेंसियां आतिशी को बचाने के लिए काम कर रही हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) पर इस मुद्दे को दबाने के लिए मीडिया को मजबूर करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि समाचार पत्रों की प्रतियों को प्रचलन से हटा दिया गया और दबाव बनाने के लिए नियामक एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया।
उन्होंने मांग की कि आतिशी अपनी टिप्पणी स्पष्ट करें, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल राष्ट्र और सिख समुदाय से माफी मांगें और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सार्वजनिक रूप से माफी जारी करें।
सिरसा ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति और अन्य पंथी संगठनों से मामले का संज्ञान लेने की अपील की।
इसके जवाब में आप ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि फोरेंसिक जांच में पाया गया है कि वीडियो से छेड़छाड़ नहीं की गई थी और मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया जाएगा।
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि अध्यक्ष को फोरेंसिक रिपोर्ट को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सार्वजनिक करने के बजाय विशेषाधिकार समिति को भेजना चाहिए था।
ढांडा ने दावा किया कि जालंधर अदालत के समक्ष प्रस्तुत दोनों फोरेंसिक रिपोर्टों ने यह स्थापित किया कि आतिशी ने कार्यवाही के दौरान “गुरु” शब्द का उच्चारण नहीं किया था, और आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने महत्वपूर्ण निष्कर्षों को छिपाते हुए रिपोर्ट के कुछ हिस्सों को चुनिंदा रूप से उजागर किया है।
आप नेता ने दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा पर भी हमला किया और आरोप लगाया कि उन्होंने वीडियो क्लिप साझा करते हुए आपत्तिजनक पाठ डालकर सिख गुरुओं का अपमान किया है और उन्हें बर्खास्त करने की मांग की।
पार्टी के रुख का समर्थन करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट ने आतिशी के अपराध को निर्णायक रूप से स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मूल विधानसभा रिकॉर्डिंग की जांच पर आधारित थी और इसमें संदेह की कोई गुंजाइश नहीं थी।
सचदेवा ने आप नेता सौरभ भारद्वाज की टिप्पणियों की भी निंदा की और आरोप लगाया कि वे सांप्रदायिक तनाव भड़काने का प्रयास थे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली, पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में सिख समुदाय के बीच आतिशी के खिलाफ व्यापक आक्रोश है और उन्होंने अध्यक्ष से उनके खिलाफ संवैधानिक और कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मांग की, जिसमें सदन से निलंबन भी शामिल है। पीटीआई एसजीवी वीआईटी रुक रुक
Category: ब्रेकिंग न्यूज़ एसईओ टैग्सः #swadesi, #News, विधानसभा में आतिशी की टिप्पणी पर फॉरेंसिक रिपोर्ट को लेकर दिल्ली बीजेपी, आप में तकरार

