नई दिल्ली, 14 जून (पीटीआई)
दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज क्षेत्र में हुए एक हिट एंड रन मामले में 51 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और घटना में शामिल एसयूवी को जब्त कर लिया है।
यह हादसा 7 जून की देर रात हुआ था, जब 27 वर्षीय युवक आशीष कुमार अपनी दोपहिया वाहन से एनएच-8 पर शिव मूर्ति के पास जा रहे थे, तभी एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। घायल को पहले गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, फिर सफदरजंग अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वसंत कुंज साउथ थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं थे और इलाके में भारी ट्रैफिक था, इसके बावजूद पुलिस टीम ने शिव मूर्ति से आईएफएफसीओ चौक (गुरुग्राम) तक 25 किमी क्षेत्र के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की।
जांच में करीब 20 वाहनों को शॉर्टलिस्ट किया गया और आईएफएफसीओ चौक के सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध वाहन की पहचान ब्राउन एसयूवी के रूप में हुई।
वाहन श्रीमती एस मजूमदार के नाम पर रजिस्टर्ड था, जिन्हें मोटर वाहन अधिनियम की धारा 133 के तहत नोटिस भेजा गया। जवाब में उन्होंने बताया कि घटना के समय उनका ड्राइवर बी जिनेंद्र जैन (51) वाहन चला रहा था।
पुलिस ने जैन को दिल्ली के जसोला इलाके से गिरफ्तार कर लिया और एसयूवी को जब्त कर लिया है।

