देहरादून में दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या, मुठभेड़ के बाद दो भाई गिरफ्तार

Arrested (Representative image)

देहरादून, 12 फरवरी (पीटीआई) देहरादून में दिनदहाड़े एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में दो भाइयों को गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक 42 वर्षीय अर्जुन शर्मा की बुधवार को तिब्बती मार्केट के बाहर कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार हमलावर स्कूटर पर सवार होकर आए थे।

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों भाई—राजीव राणा और पंकज राणा—मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने कहा कि दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है।

हत्या की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने देहरादून जिले में सघन वाहन जांच के आदेश दिए।

पुलिस के अनुसार पहली गिरफ्तारी रायपुर के लाडपुर क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी ने चेकपोस्ट पर पुलिस पर फायरिंग की। दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ में हुई, जहां पुलिस द्वारा रोके जाने पर स्कूटर सवार आरोपी भागकर एक परित्यक्त भवन में छिप गया और वहां से पुलिस पर गोली चलाई।

अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों के पास एक-एक देशी तमंचा था, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, Brothers shot in leg, nabbed for broad daylight Dehradun murder