
क्रांस-मोंटाना (स्विट्ज़रलैंड), 2 जनवरी (एपी) पुलिस ने बताया कि गुरुवार को आधी रात के दो घंटे से भी कम समय बाद स्विट्ज़रलैंड के एक आल्पाइन रिसॉर्ट में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में भीषण आग लगने से करीब 40 लोगों की मौत हो गई और 115 अन्य घायल हो गए, जिनमें से अधिकांश की हालत गंभीर है।
अधिकारियों के पास मृतकों की सटीक संख्या तुरंत उपलब्ध नहीं थी।
क्रांस-मोंटाना रिसॉर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्की और गोल्फ स्थल के रूप में जाना जाता है। रातों-रात यहां का भीड़भाड़ वाला ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ बार जश्न के माहौल से बदलकर स्विट्ज़रलैंड की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक का स्थल बन गया। देश में पांच दिनों के शोक की घोषणा की गई है।
वैले कैंटन पुलिस कमांडर फ्रेडरिक गिसलर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचित करने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि पूरा समुदाय “स्तब्ध और टूट चुका” है। इटली के स्विट्ज़रलैंड में राजदूत जियान लोरेन्जो कोर्नाडो ने सरकारी प्रसारक आरएआई को बताया कि घायलों में 13 इतालवी नागरिक हैं और छह अन्य इतालवी अब भी लापता हैं।
वैले कैंटन की अटॉर्नी जनरल बिएत्रिस पिलू ने कहा कि आग के कारणों का पता लगाना अभी जल्दबाज़ी होगी। विशेषज्ञ अभी तक मलबे के भीतर नहीं जा पाए हैं।
“किसी भी तरह के हमले का सवाल ही नहीं उठता,” पिलू ने कहा।
उन्होंने बाद में कहा कि बार में मौजूद लोगों की संख्या फिलहाल “पूरी तरह अज्ञात” है और इसकी अधिकतम क्षमता जांच का हिस्सा होगी।
“फिलहाल हमारे पास कोई संदिग्ध नहीं है,” उन्होंने यह पूछे जाने पर कहा कि क्या किसी को गिरफ्तार किया गया है। “किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि इस भयावह आग की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए जांच शुरू की गई है।”
गिसलर ने कहा कि अगली सूचना तक प्राथमिकता पीड़ितों की पहचान करना होगी और “इस काम में कई दिन लग सकते हैं।”
जश्न की रात बनी त्रासदी
आग से बच निकले पेरिस के 16 वर्षीय एक्सल क्लाविए ने बार के अंदर “पूरी तरह अराजकता” का वर्णन किया। उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि उनके एक दोस्त की मौत हो गई और “दो या तीन” अन्य लापता हैं।
क्लाविए ने कहा कि उन्होंने आग की शुरुआत नहीं देखी, लेकिन वेट्रेस को शैंपेन की बोतलें लेकर आते देखा, जिनमें चिंगारियां जल रही थीं।
उन्होंने बताया कि उन्हें दम घुटने जैसा महसूस हुआ और वे पहले एक मेज़ के पीछे छिपे, फिर ऊपर भागे और प्लेक्सीग्लास की खिड़की तोड़ने के लिए मेज़ का इस्तेमाल किया। खिड़की अपनी फ्रेम से निकल गई, जिससे वे बाहर निकल सके।
भागते समय उनका जैकेट, जूते, फोन और बैंक कार्ड खो गए, लेकिन उन्होंने कहा, “मैं ज़िंदा हूं, बाकी सब सामान ही है।”
“मैं अभी भी सदमे में हूं,” उन्होंने जोड़ा।
दो महिलाओं ने फ्रांसीसी प्रसारक बीएफएमटीवी को बताया कि उन्होंने एक पुरुष बारटेंडर को एक महिला बारटेंडर को कंधों पर उठाए देखा, जिसके हाथ में बोतल में जली हुई मोमबत्ती थी। उनके अनुसार, आग फैल गई और लकड़ी की छत गिर पड़ी।
एक महिला ने बताया कि बेसमेंट नाइटक्लब से लोग संकरी सीढ़ियों और एक छोटे दरवाज़े से निकलने की कोशिश में बेकाबू हो गए।
बीएफएमटीवी से बात करने वाले एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि लोग खिड़कियां तोड़कर बाहर निकल रहे थे, कई लोग गंभीर रूप से घायल थे, और घबराए माता-पिता अपनी कारों से मौके पर पहुंच रहे थे कि कहीं उनके बच्चे अंदर फंसे न हों। युवक ने कहा कि उसने लगभग 20 लोगों को धुएं और आग से निकलने के लिए जूझते देखा और सड़क के उस पार से दृश्य को किसी हॉरर फिल्म जैसा बताया।
लापता लोगों में एक इतालवी नागरिक जियोवानी तांबुरी भी शामिल हैं। उनकी मां कार्ला मासीएली ने अपने बेटे के बारे में किसी भी जानकारी के लिए अपील की और पहचान में मदद के लिए मीडिया से उसकी तस्वीर दिखाने का अनुरोध किया, ऐसा आरएआई ने बताया।
“हमने सभी अस्पतालों में फोन किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही। हमें नहीं पता कि वह मृतकों में है या लापता लोगों में,” वह रोती हुई बोलीं। “वे हमें कुछ भी नहीं बता रहे!”
घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि क्षेत्रीय अस्पताल की आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जल्दी ही पूरी तरह भर गए, वैले कैंटन की क्षेत्रीय सरकार के प्रमुख मैथियास रेनार्ड ने कहा।
“आज की शाम जश्न और एकजुटता का क्षण होनी चाहिए थी, लेकिन यह एक बुरे सपने में बदल गई,” रेनार्ड ने कहा।
इतालवी विदेश मंत्री एंतोनियो तायानी शुक्रवार को घटनास्थल जाने की योजना बना रहे थे, क्योंकि बड़ी संख्या में इतालवी नागरिक इसमें शामिल थे।
इतालवी नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि घायलों में से तीन को स्विट्ज़रलैंड के सियोन अस्पताल से मिलान के निगुआर्दा अस्पताल ले जाया जा रहा है।
आल्प्स के हृदय में स्थित रिसॉर्ट शहर
ढलानों पर स्कीइंग करने आए पर्यटकों से भरे इस क्षेत्र में अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से आने वाले दिनों में सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि पहले से ही दबाव में चल रही चिकित्सा सेवाओं पर और बोझ न पड़े।
वैले क्षेत्र की बर्फीली चोटियों और चीड़ के जंगलों के बीच, लगभग 3,000 मीटर (करीब 9,850 फीट) ऊंचाई तक जाने वाली स्की ढलानों के साथ, क्रांस-मोंटाना विश्व कप सर्किट के प्रमुख स्थलों में से एक है। यह रिसॉर्ट फरवरी में मिलान-कोर्तिना ओलंपिक से पहले अंतिम प्रतियोगिताओं के लिए लिंडसे वॉन सहित शीर्ष पुरुष और महिला डाउनहिल रेसरों की मेजबानी करेगा। शहर का क्रांस-सुर-सिएर गोल्फ क्लब हर अगस्त में यूरोपियन मास्टर्स का आयोजन करता है।
गुरुवार की यह स्विस आग, नीदरलैंड्स के मछुआरा शहर वोलेंडम में नए साल की पूर्व संध्या पर हुए उस हादसे के 25 साल बाद हुई है, जिसमें एक कैफे में जश्न के दौरान आग लगने से 14 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।
स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलिन ने, अपने कार्यकाल के पहले दिन बोलते हुए कहा कि कई आपातकालीन कर्मियों को “अवर्णनीय हिंसा और पीड़ा के दृश्यों का सामना करना पड़ा।”
उन्होंने कहा, “यह गुरुवार प्रार्थना, एकता और गरिमा का समय होना चाहिए। स्विट्ज़रलैंड एक मजबूत देश इसलिए नहीं है कि वह त्रासदियों से बचा रहता है, बल्कि इसलिए कि वह उन्हें साहस और आपसी सहयोग की भावना के साथ सामना करना जानता है।” एपी HIG HIG
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
SEO टैग्स: #swadesi, #News, स्विस आल्पाइन बार में नए साल के जश्न के दौरान आग: करीब 40 की मौत, 115 घायल
