
नई दिल्ली, 1 फरवरी (पीटीआई) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को कहा कि बुनियादी ढांचे और पर्यटन में निरंतर निवेश से पहले कम जुड़े रहे क्षेत्रों में संतुलित विकास संभव हुआ है।
यहां लाल किले के प्रांगण में भारत पर्व 2026 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का विस्तार, डिजिटल सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा, महिला-नेतृत्व वाला विकास और युवा नवाचार देश की नींव को नया आकार दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2025 में 400 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटक यात्राओं के साथ घरेलू पर्यटन में हुई उल्लेखनीय वृद्धि भारत को देखने-समझने के लिए बढ़े राष्ट्रीय आत्मविश्वास और उत्साह को दर्शाती है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राधाकृष्णन ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क, विस्तारित रेल संपर्क, नए हवाई अड्डों और विरासत व तीर्थ स्थलों पर बेहतर सुविधाओं के माध्यम से संपर्क और पर्यटन अवसंरचना में निरंतर निवेश से विशेष रूप से पूर्वोत्तर जैसे पहले कम जुड़े क्षेत्रों में संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित हो रहा है।
भारत पर्व पर्यटन मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम है, जो देश की सांस्कृतिक विविधता, कलात्मक परंपराओं और पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करता है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारत की शाश्वत आत्मा को जीवंत करने वाला अनुभव है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाते हैं, जहां देश भर की परंपराएं, शिल्प, व्यंजन और कला अभिव्यक्तियां एक मंच पर आती हैं।
उन्होंने काशी तमिल संगमम जैसी पहलों का भी उल्लेख किया और उन्हें भारत के स्थायी सांस्कृतिक संबंधों और सभ्यतागत एकता के जीवंत उदाहरण बताया।
पीटीआई NAB RUK RUK
