काठमांडू, 11 जनवरी (पीटीआई):
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने रविवार को राष्ट्रीय स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की “रक्षा” का आह्वान किया। हिमालयी देश नेपाल ने यह दिवस राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया, जो राष्ट्र निर्माता पृथ्वी नारायण शाह की जयंती है।
पौडेल ने तत्कालीन गोरखा राजा पृथ्वी नारायण शाह की 304वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शाह ने 18वीं सदी के मध्य में करीब दो दर्जन छोटे-छोटे राज्यों को एकीकृत कर एक बड़े नेपाल का निर्माण किया था।
इस अवसर पर जारी अपने संदेश में राष्ट्रपति पौडेल ने कहा, “राष्ट्रीय एकता दिवस हम सभी को देश की राष्ट्रीय स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करते हुए समृद्धि और खुशहाली हासिल करने की प्रेरणा दे।”
उन्होंने काठमांडू स्थित सिंह दरबार सचिवालय के सामने शाह की प्रतिमा पर एक कार्यक्रम के दौरान पुष्पांजलि अर्पित की।
इस समारोह में प्रधानमंत्री सुशीला कार्की, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत और अन्य मंत्री भी मौजूद रहे और उन्होंने भी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर नेपाल के अपदस्थ राजा ज्ञानेंद्र शाह के दर्जनों समर्थकों ने काठमांडू में एक रैली का आयोजन किया, जिसमें 2008 में समाप्त की गई राजशाही की बहाली की मांग की गई।
पिछले वर्ष मार्च में, राजशाही और हिंदू राष्ट्र की बहाली की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और दंगा-रोधी पुलिस के बीच झड़पों में एक फोटो पत्रकार सहित दो नागरिकों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

