काठमांडू, 20 जनवरी (पीटीआई) राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) द्वारा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किए गए काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन्द्र शाह ने सोमवार को सत्ता के विकेंद्रीकरण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघीय व्यवस्था लागू होने के बाद भी सत्ता काठमांडू में ही केंद्रीकृत बनी हुई है।
कोशी प्रांत की झापा-5 सीट से नामांकन दाखिल करने जा रहे शाह, अपदस्थ प्रधानमंत्री और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी–लेनिनवादी) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली को चुनौती देंगे।
35 वर्षीय रैपर से राजनेता बने शाह, जिन्होंने रविवार को मेयर पद छोड़ने के बाद औपचारिक रूप से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की सदस्यता ली, मधेश प्रांत से अपना चुनाव अभियान शुरू करने के लिए धनुषा जिले के जनकपुर की ओर रवाना हुए, जहां उनका पैतृक घर है।
जनकपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने उन नागरिकों पर पड़ने वाले बोझ को समाप्त करने की बात कही, जिन्हें प्रशासनिक कार्यों के लिए काठमांडू जाना पड़ता है।
5 मार्च को होने वाले आम चुनाव की रैली ‘परिवर्तन उद्घोष सभा’ में शाह ने असंतोष जताया कि संघीय व्यवस्था लागू होने के बावजूद सत्ता राजधानी काठमांडू में ही केंद्रीकृत है।
मैथिली भाषा में बोलते हुए शाह ने प्रांत से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को रेखांकित किया और कहा कि मधेशी लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी काठमांडू जाना पड़ता है।
“आपको भगवान पशुपतिनाथ या स्वयम्भू स्तूप के दर्शन के लिए काठमांडू जाना चाहिए, न कि सरकारी कामों के लिए,” जनकपुर में भारी भीड़ के बीच शाह ने कहा।
काठमांडू के मेयर के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए शाह ने कहा कि जब मधेशी गन्ना किसान और सहकारी समितियों के पीड़ित न्याय और अधिकारों की मांग लेकर राजधानी आते थे, तो वह अक्सर खुद को असहाय महसूस करते थे। अधिकार क्षेत्र की सीमाओं के कारण वह उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर पाते थे।
“अगर काठमांडू में बदलाव संभव है, तो मधेश में क्यों नहीं? जो लोग बदलाव चाहते हैं, भ्रष्टाचार से लड़ सकते हैं और आम लोगों के पक्ष में खड़े हो सकते हैं, उन्हें चुनाव जिताना होगा,” उन्होंने कहा।
“अब समय आ गया है कि मधेश के लोगों का यह सपना साकार हो कि मधेश का बेटा प्रधानमंत्री बने,” शाह ने कहा।
उन्होंने राम और सीता के ऐतिहासिक विवाह स्थल जनकपुर को पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय विवाह स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा।
शाह मंगलवार को झापा जिले का दौरा कर निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
हिमालयी राष्ट्र में 5 मार्च को प्रतिनिधि सभा के चुनाव होने हैं।
ये आम चुनाव तब आवश्यक हो गए जब 9 सितंबर को ओली ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध को लेकर युवाओं के नेतृत्व वाले जेन जेड समूह के हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे।
73 वर्षीय सुशीला कार्की 12 सितंबर को अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं और उनकी सिफारिश पर राष्ट्रपति ने प्रतिनिधि सभा को भंग कर चुनाव की तारीख की घोषणा की। पीटीआई एसबीपी जीआरएस जीआरएस जीआरएस
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #न्यूज़, नेपाल चुनाव: शाह ने काठमांडू-केंद्रित सत्ता के अंत का आह्वान किया

