नोएडा, 4 जुलाई (पीटीआई) — उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में रहने वाली एक वरिष्ठ महिला वकील को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 3.29 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
साइबर क्राइम थाना के एक अधिकारी के अनुसार, पीड़िता हेमंतिका वाहे ने मंगलवार को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 10 जून को उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें कहा गया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर चार बैंक खाते खोले गए हैं और इस संबंध में केस दर्ज हुआ है।
कॉल करने वाले ने बताया कि इन खातों में मिले पैसे का उपयोग जुए, ब्लैकमेलिंग और अवैध हथियारों की खरीद जैसे अपराधों में किया गया है। इसके बाद उन्हें एक अन्य फोन नंबर दिया गया। जब उन्होंने उस नंबर पर संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि वे एक गंभीर अपराध में शामिल हैं।
महिला के अनुसार, इसके बाद उन्हें एक फर्जी पुलिस स्टेशन से लगातार कॉल आने लगे और उनसे बैंक खातों में जमा रकम की जानकारी मांगी गई। इसी दौरान उनसे 3.29 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई।
साइबर क्राइम की डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुपेन्द्र सिंह, विनय सैमाणिया और मनदीप के रूप में हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
PTI COR MNK MNK

