पाकिस्तान का दावा: ट्रंप ने पीएम शहबाज़ शरीफ को ‘गाजा के लिए शांति बोर्ड’ में शामिल होने का न्योता दिया

President Donald Trump listens as Pakistan's Prime Minister Shehbaz Sharif speaks during a summit to support ending the more than two-year Israel-Hamas war in Gaza after a breakthrough ceasefire deal, Monday, Oct. 13, 2025, in Sharm El Sheikh, Egypt. AP/PTI(AP10_13_2025_000402B)

इस्लामाबाद, 18 जनवरी (पीटीआई) पाकिस्तान ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘गाजा के लिए शांति बोर्ड’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के संस्थापक कार्यकारी बोर्ड के लिए नियुक्त सदस्यों की सूची जारी की, क्योंकि देश गाजा के लिए ट्रंप की 20-सूत्रीय शांति योजना के दूसरे चरण में प्रवेश कर गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही स्वयं को इस निकाय का अध्यक्ष घोषित कर दिया है।

मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने पुष्टि की कि पाकिस्तान को औपचारिक निमंत्रण मिला है।

अंद्राबी ने एक बयान में कहा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से गाजा के लिए शांति बोर्ड में शामिल होने का निमंत्रण प्राप्त हुआ है।”

उन्होंने कहा, “संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप फिलिस्तीन मुद्दे के स्थायी समाधान की दिशा में गाजा में शांति और सुरक्षा के लिए पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में सक्रिय रूप से जुड़ा रहेगा।”

हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर अधिक विवरण नहीं दिया।

व्हाइट हाउस के अनुसार, शांति बोर्ड में ऐसे नेता शामिल हैं जिनके पास “कूटनीति, विकास, अवसंरचना और आर्थिक रणनीति” का अनुभव है। इस शांति निकाय में तुर्किये, मिस्र, अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, इटली, मोरक्को, ब्रिटेन, जर्मनी, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित करीब 60 देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है।

पैनल में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा, तथा ट्रंप के वरिष्ठ वार्ताकार जारेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ भी शामिल हैं।

पीटीआई SH NPK NPK