इस्लामाबाद, 12 मार्च (भाषा)। पाकिस्तान के एक उच्च न्यायालय ने गुरुवार को जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को एक निजी मेडिकल अस्पताल में स्थानांतरित करने की याचिका को खारिज कर दिया और उनकी चिकित्सकीय जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम के गठन का आदेश दिया।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने 2 मार्च को वकील लतीफ खोसा के माध्यम से इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) में याचिका दायर की थी कि खान को रावलपिंडी के अदियाला जेल से उसकी आंखों के इलाज के लिए इस्लामाबाद के शिफा अंतर्राष्ट्रीय अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए।
न्यायमूर्ति अरबाब मुहम्मद ताहिर और न्यायमूर्ति खादिम हुसैन सूमरो ने मामले की सुनवाई की। खोसा ने अपनी दलीलें पेश कीं, जबकि इस्लामाबाद के महाधिवक्ता अयाज शौकत और अतिरिक्त महान्यायवादी राशिद हफीज सरकार की ओर से पेश हुए।
खोसा ने अदालत को बताया कि खान अपनी दाहिनी आंख की दृष्टि बिगड़ने की शिकायत कर रहे थे। हालांकि उनका इलाज पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में किया गया था, लेकिन उनके परिवार और कानूनी दल को उनकी चिकित्सा प्रक्रिया के बारे में सूचित नहीं किया गया था।
दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने खान को एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की याचिका को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। हालांकि, इसने इस्लामाबाद के मुख्य आयुक्त मुहम्मद अली रंधावा को खान की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन करने का निर्देश दिया।
इसने आदेश दिया कि पीआईएमएस में नेत्र विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मुहम्मद आरिफ और रावलपिंडी के अल-शिफा नेत्र अस्पताल के रेटिना विशेषज्ञ डॉ. नदीम कुरैशी को बोर्ड में शामिल किया जाए।
माना जा रहा है कि खान पिछले साल अक्टूबर से दाहिनी आंख की बीमारी से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है। सरकार के अनुसार, चिकित्सा हस्तक्षेप के बाद उनकी आंख की स्थिति के साथ-साथ उनकी दृष्टि में भी सुधार हुआ है। 72 वर्षीय खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और अल कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में अदियाला जेल में सजा काट रहे हैं। उन्हें 9 मई, 2023 को उनकी पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन से जुड़े आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत लंबित मुकदमों का भी सामना करना पड़ता है। पीटीआई एसएच जेडएच जेडएच
वर्गः ब्रेकिंग न्यूज एसईओ #swadesi, #News, पाक कोर्ट ने इमरान खान को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की याचिका खारिज की

