
देहरादून, 10 सितम्बर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और हालात की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
मंगलवार को मोदी पंजाब और पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के दिनभर के दौरे पर थे, जहां उन्होंने दोनों राज्यों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री गुरुवार को शाम 4:15 बजे उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और शाम 5 बजे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इस मानसून में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन ने उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों को तबाह कर दिया है, जिनमें उत्तरकाशी के धराली-हर्षिल, चमोली का थराली, पौड़ी का सैंजी और बागेश्वर जिले का कापकोट शामिल हैं।
एक आधिकारिक अनुमान के अनुसार, अप्रैल से अब तक उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं के कारण 81 लोगों की मौत हुई है, 114 लोग घायल हुए हैं और 94 लापता हैं।
प्रधानमंत्री का यह दौरा हाल ही में केंद्र की एक अंतर-मंत्रालयी टीम द्वारा राज्य के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने के बाद हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
धामी ने कहा, “प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। यही कारण है कि आपदा के समय हमें उनका लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिला। उनके आगमन से राज्य में राहत एवं बचाव कार्य और मजबूत होंगे।”
श्रेणी: ताज़ा खबर
SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, पीएम उत्तराखंड के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का गुरुवार को करेंगे हवाई सर्वेक्षण
