पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेमियन मार्टिन ब्रिस्बेन के अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती

Damien Martyn

ब्रिस्बेन, 31 दिसंबर (एपी) — ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट मैच खेलने वाले पूर्व क्रिकेटर डेमियन मार्टिन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।

54 वर्षीय दाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज हाल के दिनों में बीमार पड़ गए थे। ‘नाइन न्यूज़पेपर्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें चिकित्सकीय रूप से कोमा में रखा गया है और वह मेनिन्जाइटिस से जूझ रहे हैं।

मार्टिन के पूर्व टेस्ट साथी डैरेन लेहमन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “डेमियन मार्टिन के लिए ढेर सारा प्यार और प्रार्थनाएं। मजबूत बने रहें और लड़ते रहें, लीजेंड। परिवार के लिए भी प्यार।”

न्यूज़ कॉर्प से बात करते हुए उनके करीबी दोस्त और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने कहा, “उन्हें सबसे बेहतर इलाज मिल रहा है और (मार्टिन की साथी) अमांडा तथा उनका परिवार जानता है कि बहुत से लोग उनके लिए दुआएं और शुभकामनाएं भेज रहे हैं।”

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने भी मार्टिन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा, “डेमियन की बीमारी की खबर से मैं दुखी हूं। इस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और पूरे क्रिकेट समुदाय की शुभकामनाएं उनके साथ हैं।”

अपने सहज और आकर्षक स्ट्रोक प्ले के लिए पहचाने जाने वाले मार्टिन ने टेस्ट क्रिकेट में 46.37 की औसत से रन बनाए। डार्विन में जन्मे मार्टिन ने 21 साल की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ 1992-93 की घरेलू सीरीज में डीन जोन्स की जगह टेस्ट पदार्पण किया था। 23 वर्ष की उम्र में वह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के कप्तान भी बने।

उनका सर्वोच्च टेस्ट स्कोर 165 रन रहा, जो उन्होंने 2005 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। यह उनके 13 टेस्ट शतकों में से एक था। मार्टिन ने अपना आखिरी टेस्ट 2006-07 की एशेज सीरीज में एडिलेड ओवल में खेला, इसके बाद वह कमेंट्री से जुड़े।

एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 208 मैच खेले और 40.8 की औसत से रन बनाए। वह 1999 और 2003 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। 2003 विश्व कप फाइनल में भारत के खिलाफ उन्होंने टूटी हुई उंगली के साथ नाबाद 88 रन बनाए थे। इसके अलावा वह 2006 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम में भी शामिल थे।

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज

एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #न्यूज़, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेमियन मार्टिन ब्रिस्बेन के अस्पताल में गंभीर हालत में