नई दिल्ली, 12 फरवरी (पीटीआई) दूरदर्शन की पूर्व समाचार वाचिका सरला महेश्वरी, जो 1980 और 1990 के दशक में टीवी समाचार का एक जाना-पहचाना चेहरा थीं, का गुरुवार को दिल्ली में निधन हो गया। परिवार के मित्र शम्मी नारंग ने यह जानकारी दी। वह 71 वर्ष की थीं।
महेश्वरी 1976 से 2005 तक दूरदर्शन में समाचार वाचिका रहीं। उस समय जब प्रसारण दिन में केवल कुछ घंटों तक सीमित था, वह भारत में टीवी समाचार की अग्रदूतों में शामिल थीं।
महेश्वरी के सह-एंकर रहे नारंग ने ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम पर यह दुखद समाचार साझा किया।
उन्होंने कहा, “मैं अत्यंत दुख के साथ अपनी पूर्व सह-समाचार वाचिका सरला महेश्वरी के निधन की घोषणा कर रहा हूं।”
नारंग ने महेश्वरी को “गरिमा और विनम्रता की प्रतिमूर्ति” बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, “वह केवल रूप से ही नहीं, बल्कि हृदय से भी सुंदर थीं। भाषा पर उनकी अद्भुत पकड़ थी और वह ज्ञान का भंडार थीं। दूरदर्शन स्क्रीन पर उनकी उपस्थिति का एक अलग ही आभामंडल था। वह सभी का सम्मान करती थीं और जहां भी रहीं, उस स्थान को ऊंचा उठाया।”
उनका अंतिम संस्कार शाम 4 बजे निगम बोध घाट पर किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के बाद उन्होंने सार्वजनिक प्रसारक से जुड़ाव किया। तीन दशकों के अपने करियर में महेश्वरी ने श्वेत-श्याम से रंगीन प्रसारण तक टीवी समाचार के बदलाव को देखा।
दूरदर्शन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “दूरदर्शन परिवार की ओर से श्रीमती सरला महेश्वरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। वह दूरदर्शन की सम्मानित समाचार वाचिका थीं, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज, शुद्ध उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में विशेष स्थान बनाया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के दिलों में गहरा विश्वास स्थापित किया।”

