
नई दिल्ली, 1 फरवरी (पीटीआई) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि 2026-27 का बजट “फ्यूचर-रेडी भारत” के निर्माण की दिशा में है और इससे निर्यात तथा घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बजट में विनिर्माण से लेकर सेवाओं, निर्यात, महिलाओं, शिक्षा, कौशल विकास, मछुआरों, पशुपालन और नई पीढ़ी की तकनीकों तक अनेक क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में गोयल ने कहा, “मैं इस बजट को ‘फ्यूचर-रेडी भारत का बजट’ कहूंगा।”
उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 350 सुधार किए जा चुके हैं और विभिन्न पहलों के जरिए सुधार एक्सप्रेस और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है।
गोयल ने कहा कि बजट में डेटा सेंटर्स के लिए “अभूतपूर्व” लाभों की घोषणा की गई है और भारत के लिए एक दूरदर्शी एजेंडा तय किया गया है।
केंद्रीय बजट में रविवार को यह प्रस्ताव भी रखा गया कि भारत में स्थित डेटा सेंटर्स का उपयोग कर वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को क्लाउड सेवाएं देने वाली विदेशी कंपनियों को वर्ष 2047 तक टैक्स हॉलिडे दिया जाएगा। इससे देश को एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़ा हब बनाने की सरकार की मंशा झलकती है। (पीटीआई) RR TRB
