बारामती विमान हादसे में दर्ज हुई आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट

Pune: Maharashtra Deputy Chief Minister Ajit Pawar's plane in flames after it crashed during landing, at Baramati in Pune district, Maharashtra, Wednesday, Jan. 28, 2026. Pawar, along with three others on board, was killed in the crash. (PTI Photo)(PTI01_28_2026_000026B)

पुणे, 29 जनवरी (पीटीआई) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की बारामती में हुए विमान हादसे में मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

66 वर्षीय पवार और चार अन्य लोग एक चार्टर्ड विमान में सवार थे, जो सुबह बारामती हवाई अड्डे पर टेबलटॉप रनवे के किनारे से महज 200 मीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा, “हमने बारामती तालुका पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है।”

प्रक्रिया के अनुसार, यह एडीआर महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी जाएगी, जो विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की जांच करेगा।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन कार्यरत एएआईबी पहले ही इस हादसे की जांच अपने हाथ में ले चुका है।

सीआईडी के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि किसी प्रभावशाली जनप्रतिनिधि या प्रमुख व्यक्ति की दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में जांच सीआईडी द्वारा की जाती है।

उन्होंने कहा, “हमें अभी तक कोई औपचारिक आदेश नहीं मिले हैं। हालांकि, संभावना है कि सीआईडी को जल्द आदेश मिलेंगे और स्थानीय पुलिस द्वारा दर्ज एडीआर की जांच सीआईडी ही करेगी।”

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष रहे पवार बुधवार सुबह मुंबई से रवाना हुए थे। उन्हें पुणे जिले में 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए दिनभर में चार रैलियों को संबोधित करना था।

इस हादसे में जिन अन्य लोगों की मौत हुई, उनमें 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव रखने वाले कैप्टन सुमित कपूर, 1,500 घंटे के उड़ान अनुभव वाली सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल हैं।

सरकार ने एक बयान जारी कर उन घटनाओं का विवरण दिया, जिनके कारण यह हादसा हुआ और अजित पवार की मृत्यु हुई।

बयान के अनुसार, खराब दृश्यता के कारण गो-अराउंड के बाद लियरजेट विमान को बारामती में उतरने की अनुमति दी गई थी। अंतिम रूप से क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को कोई ‘रीड-बैक’ नहीं दिया और कुछ ही पलों बाद रनवे के किनारे आग की लपटों में घिर गया। पीटीआई SPK RSY

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज

SEO टैग्स: #swadesi, #News, बारामती में अजित पवार और चार अन्य की मौत वाले विमान हादसे में दर्ज हुई आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट