ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी के संदिग्ध व्यक्ति का न्यू हैम्पशायर में शव मिला: एपी सूत्र

Police officers and first responders gather at Waterman St. and Thayer in response to a shooting, in Providence, R.I., during reports of a shooting, Saturday, Dec. 13, 2025, . AP/PTI(AP12_14_2025_000020B)

प्रोविडेंस (अमेरिका), 19 दिसंबर (एपी) ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी में दो लोगों की हत्या और कई अन्य को घायल करने के संदेह में जिस व्यक्ति की तलाश की जा रही थी, उसका न्यू हैम्पशायर की एक स्टोरेज सुविधा में शव मिला है। यह जानकारी एक कानून प्रवर्तन अधिकारी और मामले से परिचित एक व्यक्ति ने एसोसिएटेड प्रेस को दी।

गुरुवार शाम उस व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मामले से परिचित व्यक्ति के अनुसार, माना जा रहा है कि उसकी मौत स्वयं को गोली मारने से हुई।

अधिकारी के मुताबिक, जांचकर्ताओं का मानना है कि वही व्यक्ति ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी के साथ-साथ मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के प्रोफेसर की हत्या के लिए भी जिम्मेदार है, जिन्हें सोमवार को ब्रुकलाइन स्थित उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, अधिकारियों ने अब तक औपचारिक रूप से दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।

चल रही जांच के विवरण सार्वजनिक रूप से साझा न किए जा सकने के कारण, अधिकारी और मामले से परिचित व्यक्ति दोनों ने पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर एपी से बात की।

शनिवार को ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई सामूहिक गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी और नौ अन्य घायल हुए थे। गुरुवार को जांच ने नया मोड़ लिया, जब अधिकारियों ने कहा कि वे ब्राउन की घटना और उसके दो दिन बाद बोस्टन के पास हुए उस हमले के बीच संभावित संबंध की जांच कर रहे हैं, जिसमें एमआईटी के प्रोफेसर नूनो एफ. जी. लुरेइरो की मौत हो गई थी। इससे पहले एफबीआई ने कहा था कि उसे दोनों मामलों के बीच किसी संबंध की जानकारी नहीं है।

ब्राउन मामले की जांच कैसे आगे बढ़ी

ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी को लगभग एक सप्ताह हो चुका है। अतीत में भी कई हाई-प्रोफाइल हमलों में गिरफ्तारी में कई दिन या उससे अधिक समय लगा है। उदाहरण के लिए, पिछले वर्ष न्यूयॉर्क सिटी में यूनाइटेडहेल्थकेयर के सीईओ की सरेआम हत्या के मामले में गिरफ्तारी में पांच दिन लगे थे।

प्रोविडेंस में इस बात को लेकर नाराजगी बढ़ती गई कि हमलावर फरार होने में सफल रहा और अब तक उसके चेहरे की कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई। हालांकि ब्राउन अधिकारियों का कहना है कि परिसर में 1,200 कैमरे लगे हैं, लेकिन हमला इंजीनियरिंग बिल्डिंग के उस पुराने हिस्से में हुआ जहां बहुत कम या शायद कोई कैमरा नहीं था। जांचकर्ताओं का मानना है कि हमलावर एक ऐसे दरवाजे से आया और गया जो परिसर से सटी रिहायशी सड़क की ओर खुलता है, जिससे संभव है कि कैमरों में उसकी फुटेज कैद नहीं हो सकी।

पिछली जांचों से क्या सीखा जा सकता है

सेवानिवृत्त एफबीआई एजेंट और सामूहिक गोलीबारी मामलों की विशेषज्ञ कैथरीन श्वाइट के अनुसार, ऐसे लक्षित और बड़े हमलों में आमतौर पर हमलावर या तो खुदकुशी कर लेते हैं, पुलिस द्वारा मारे जाते हैं या गिरफ्तार कर लिए जाते हैं। यदि वे फरार हो जाते हैं, तो उनकी तलाश में समय लग सकता है।

2013 के बोस्टन मैराथन बम धमाकों में जांचकर्ताओं को जिम्मेदार दो भाइयों तक पहुंचने में चार दिन लगे थे। 2023 में मेन के लुईस्टन में 18 लोगों की हत्या और 13 को घायल करने वाले आर्मी रिज़र्विस्ट रॉबर्ट कार्ड का शव दो दिन बाद आत्महत्या के संदेह में मिला था।

सितंबर में कंजरवेटिव राजनीतिक हस्ती चार्ली किर्क की हत्या के आरोपी ने यूटा वैली यूनिवर्सिटी परिसर में हमले के लगभग डेढ़ दिन बाद आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं, पिछले वर्ष मैनहैटन में यूनाइटेडहेल्थकेयर के सीईओ ब्रायन थॉम्पसन की हत्या के मामले में आरोपी लुइगी मैन्ज़ियोने—जिसने खुद को निर्दोष बताया है—को पांच दिन बाद पेंसिल्वेनिया के एक मैकडॉनल्ड्स से गिरफ्तार किया गया था।

एमआईटी ने एक प्रतिष्ठित प्रोफेसर के निधन पर शोक जताया

विवाहित लुरेइरो 2016 में एमआईटी से जुड़े थे और पिछले वर्ष उन्हें प्लाज़्मा साइंस एंड फ्यूज़न सेंटर का प्रमुख नियुक्त किया गया था, जहां वे स्वच्छ ऊर्जा तकनीक और अन्य शोध को आगे बढ़ाने पर काम कर रहे थे। यह केंद्र एमआईटी की सबसे बड़ी प्रयोगशालाओं में से एक है, जिसमें सात इमारतों में 250 से अधिक लोग काम करते हैं। वे भौतिकी और नाभिकीय विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के प्रोफेसर थे।

एमआईटी के अनुसार, लुरेइरो का पालन-पोषण मध्य पुर्तगाल के विसेउ में हुआ था। उन्होंने लिस्बन में पढ़ाई की और लंदन से डॉक्टरेट हासिल की। एमआईटी से जुड़ने से पहले वे लिस्बन में एक नाभिकीय संलयन अनुसंधान संस्थान में शोधकर्ता थे।

एमआईटी के प्लाज़्मा साइंस एंड फ्यूज़न सेंटर के पूर्व प्रमुख और इंजीनियरिंग प्रोफेसर डेनिस व्हाइट ने एक कैंपस प्रकाशन से कहा, “वे एक मार्गदर्शक, मित्र, शिक्षक, सहकर्मी और नेता के रूप में उज्ज्वल प्रकाश की तरह थे और अपने स्पष्ट, करुणामय व्यवहार के लिए सर्वत्र प्रशंसित थे।”

लुरेइरो ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि उनका काम भविष्य को आकार देगा।

“यह अतिशयोक्ति नहीं है कि मानवता की सबसे बड़ी समस्याओं के समाधान खोजने के लिए एमआईटी सबसे उपयुक्त स्थान है,” उन्होंने पिछले वर्ष प्रयोगशाला का नेतृत्व संभालते समय कहा था। “फ्यूज़न ऊर्जा मानव इतिहास की दिशा बदल देगी।” (एपी) आरडी आरडी

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग: #स्वदेशी, #समाचार, ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी के संदिग्ध व्यक्ति का न्यू हैम्पशायर में शव मिला: एपी सूत्र