
नई दिल्ली, 11 फरवरी (पीटीआई) अभिषेक शर्मा का पेट का संक्रमण भारत के लिए उनके विश्व कप प्रतिद्वंद्वी नामीबिया से कहीं बड़ी चिंता बन गया है।
अमेरिका के खिलाफ वानखेड़े की धीमी पिच पर पहले मैच में लड़खड़ाते बल्लेबाजी प्रदर्शन के बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम फिरोजशाह कोटला की उस पिच पर खुलकर खेलने की कोशिश करेगा, जिसे मजबूत टीमों के लिए बल्लेबाजी के अनुकूल माना जा रहा है।
इसका खामियाजा नामीबिया को भुगतना पड़ सकता है, जिनसे गुरुवार को यहां ग्रुप ए के अपने दूसरे टी20 विश्व कप मुकाबले में मौजूदा चैंपियन भारत को ज्यादा चुनौती मिलने की उम्मीद नहीं है।
गुणवत्ता के मामले में भारत अफ्रीकी टीम से काफी आगे है, जो इसी मैदान पर नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ सकी थी।
निष्पक्ष तौर पर देखा जाए तो नामीबिया के खिलाफ यह मैच भारत के लिए एक तरह का विस्तारित अभ्यास मुकाबला होगा, जिसमें वह पहले बल्लेबाजी कर अपने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका देना चाहेगा।
दोनों टीमों के बीच स्तर का अंतर इतना है कि नामीबिया की गेंदबाजी आक्रमण को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलने वाली भारत की किसी भी मध्यम स्तर की राज्य टीम के खिलाफ भी कठिन दिन झेलना पड़ सकता है।
भारत के लिए अभिषेक का पेट संक्रमण और वायरल बुखार चिंता का विषय है। दो दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्हें बुधवार को छुट्टी मिल गई, लेकिन रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मुकाबले से पहले उन्हें पर्याप्त आराम दिए बिना मैदान पर उतारना समझदारी नहीं होगी।
उस हाई-वोल्टेज मुकाबले में अभिषेक की मौजूदगी विपक्षी टीम के लिए दबाव का कारण बन सकती है।
नामीबिया के खिलाफ मैच आउट ऑफ फॉर्म चल रहे संजू सैमसन के लिए रन बनाने की लय हासिल करने का सुनहरा मौका हो सकता है। हाल के खराब प्रदर्शन के कारण उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिला, जो शानदार फॉर्म में हैं।
सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने मैच पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “संजू अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और चोटिल खिलाड़ी के विकल्प के तौर पर टीम में अपनी भूमिका समझ रहे हैं। वह मजबूत खिलाड़ी हैं, टीम के साथ अच्छा माहौल रखते हैं, कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं और हमें टीम के हर खिलाड़ी से यही उम्मीद है।”
नामीबिया के लिए भारत जैसी बल्लेबाजी लाइन-अप को रोकना बेहद कठिन काम होगा। इससे भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण उनके बल्लेबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या की संयुक्त गेंदबाजी का सामना करना होगा।
नामीबिया के शीर्ष छह बल्लेबाजों में केवल ऑलराउंडर जे जे स्मिट का स्ट्राइक रेट 140 से अधिक है, जबकि बाकी किसी का भी स्ट्राइक रेट आधुनिक टी20 मानकों के अनुसार स्वीकार्य स्तर तक नहीं पहुंचता।
चक्रवर्ती का सामना करना नामीबियाई बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है, क्योंकि वे आम तौर पर इतने उच्च स्तर के गेंदबाजों के खिलाफ नहीं खेलते।
टेन डोशेट ने संकेत दिया, “उन्होंने (चक्रवर्ती ने) कुछ नई गेंदों पर काम किया है, जिन्हें आप अलग-अलग चरणों में देख सकते हैं।” इससे संकेत मिलता है कि नामीबिया के खिलाफ मैच प्रयोग का मंच बन सकता है।
आईसीसी की शेड्यूलिंग टीम और प्रसारकों ने, जो स्वाभाविक रूप से व्यावसायिक दृष्टि से अहम फैसले लेते हैं, यह सुनिश्चित किया है कि पाकिस्तान के खिलाफ व्यावसायिक रूप से बड़े मुकाबले को छोड़कर लीग चरण के बाकी मैच ऐसी टीमों के खिलाफ हों, जो इस प्रारूप में भारत ए, बी या सी टीम से भी हार सकती हैं।
टूर्नामेंट से पहले एक अभ्यास मैच में भारत ए की तीसरी पंक्ति की टीम ने नामीबिया को 100 रन से कम पर आउट कर दिया था।
यदि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कुछ उलटफेर भी हो जाए, तो भी भारत के सुपर आठ में पहुंचने की संभावना मजबूत है, जहां असली परीक्षा शुरू होगी।
वहां भी समूह इस तरह से बनाए गए हैं कि सेमीफाइनल में पहुंचने पर भारत का सामना न तो ऑस्ट्रेलिया से होगा और न ही दक्षिण अफ्रीका से।
शेड्यूल, वेन्यू, मैच टाइमिंग और ग्रुपिंग के लिहाज से व्यावसायिक आवश्यकताओं ने यह सुनिश्चित किया है कि सेमीफाइनल तक ‘मेन इन ब्लू’ के लिए राह अपेक्षाकृत आसान रहे।
यदि टीम टूर्नामेंट के अंतिम दिनों तक दौड़ में बनी रहती है, तो फिर बात होगी थोड़ी किस्मत और बहुत हिम्मत की। फिलहाल, नामीबिया के सामने कठिन चुनौती है।
टीमें (संभावित):
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह।
नामीबिया: गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जान बाल्ट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), मलान क्रूगर, डिलन लीचर, लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्रायलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, विलियम माईबर्ग, जे जे स्मिट, जैक ब्रासेल, मैक्स हिंगो, बर्नार्ड स्कोल्ट्ज, बेन शिकोंगो, रुबेन ट्रम्पेलमैन।
मैच शुरू होगा: शाम 7 बजे। PTI KHS PM PM PM
