भारी बर्फबारी के कारण चीन ने माउंट एवरेस्ट के हाइकिंग क्षेत्र को किया बंद

{Image - GETTY}

बीजिंग, 29 अक्टूबर (AP) चीन के तिब्बत क्षेत्र में माउंट एवरेस्ट के एक लोकप्रिय हाइकिंग स्थल को भारी बर्फबारी और बर्फीली परिस्थितियों के चलते स्थानीय अधिकारियों ने बंद कर दिया है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, डिंगरी काउंटी में स्थित झूफेंग पीक — जहां चीन की ओर से माउंट एवरेस्ट स्थित है — को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। इस महीने की शुरुआत में चीन की राष्ट्रीय छुट्टियों के दौरान आए बर्फीले तूफान में सैकड़ों हाइकर्स कई दिनों तक फंस गए थे।

स्थानीय मौसम विभाग ने बुधवार तक बर्फबारी और अत्यधिक ठंड की चेतावनी दी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में थोड़ी भी बर्फबारी रास्तों और सड़कों को खतरनाक बना सकती है।

इस महीने की शुरुआत में, बचावकर्मियों ने लगभग 880 लोगों को सहायता प्रदान की थी, जिनमें 580 हाइकर्स और करीब 300 गाइड व अन्य कर्मचारी शामिल थे। उस समय भी झूफेंग पर्यटन क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद किया गया था।

माउंट एवरेस्ट, जिसे तिब्बती में माउंट चोमोलुंगमा कहा जाता है, चीन और नेपाल की सीमा पर स्थित है और इसकी ऊंचाई लगभग 8,850 मीटर है। यह पर्वत दुनिया भर के हाइकर्स और पर्वतारोहियों को आकर्षित करता है। (AP) RD RD

श्रेणी: ताज़ा खबर

SEO टैग्स:#स्वदेशी, #समाचार, भारी बर्फबारी के कारण चीन ने माउंट एवरेस्ट पर एक हाइकिंग क्षेत्र को बंद किया