कुआलालंपुर, 7 जनवरी (पीटीआई) लंबी चोट से उबरकर वापसी कर रहीं भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने बुधवार को यहां मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के महिला एकल के पहले दौर में चीनी-ताइपे की सुंग शुओ युन को हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
30 वर्षीय पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने, जिन्होंने पैर की चोट से उबरने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पिछले साल अक्टूबर में सभी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंटों से नाम वापस ले लिया था, सुंग को 51 मिनट से कुछ अधिक समय में 21-14, 22-20 से हराया।
हालांकि, मिश्रित युगल में दुनिया की 17वें नंबर की जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो को राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कम रैंक वाली अमेरिकी जोड़ी प्रेस्ली स्मिथ और जेनी गाई ने कड़े मुकाबले में 56 मिनट में 15-21, 21-18, 15-21 से हराया।
विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर काबिज सिंधु ने कोई असहजता नहीं दिखाई और निचली रैंक वाली सुंग के खिलाफ दूसरी बार जीत दर्ज कर अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-0 कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने जापान की विश्व नंबर 9 खिलाड़ी टोमोका मियाज़ाकी के साथ राउंड ऑफ 16 का मुकाबला तय किया।
मियाज़ाकी को अगले दौर में प्रवेश तब मिला जब उनकी 10वीं रैंक की प्रतिद्वंद्वी दक्षिण कोरिया की सिम यू जिन चोट के कारण मैच से हट गईं। उस समय जापानी खिलाड़ी 21-19, 1-2 से आगे चल रही थीं।
सिंधु ने मैच में दमदार शुरुआत करते हुए 6-2 की शुरुआती बढ़त बनाई और पहले गेम में अपने प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह हावी रहीं।
हालांकि दूसरा गेम बेहद संघर्षपूर्ण रहा। एक समय सिंधु 4-11 से पीछे थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 13-13 से बराबर कर लिया।
28 वर्षीय सुंग ने लगातार दबाव बनाए रखा और 17-14 की तीन अंकों की बढ़त हासिल कर ली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने फिर से जुझारूपन दिखाते हुए स्कोर 17-17 से बराबर कर दिया।
20-20 की बराबरी के बाद सिंधु ने लगातार दो निर्णायक अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया।
इस बीच, भारतीय पुरुष युगल की स्टार जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी दिन में बाद में चीनी-ताइपे की यांग पो-ह्सुआन और ली झे-हुए की जोड़ी के खिलाफ अपना पहला दौर का मैच खेलेगी।
पीटीआई एएम एएम पीडीएस पीडीएस

