
न्यूयॉर्क, 12 जनवरी (एपी): प्रेडिक्शन मार्केट्स लोगों को बास्केटबॉल मैच से लेकर राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों तक, लगभग किसी भी घटना पर दांव लगाने की अनुमति देते हैं — और हाल ही में इसमें पूर्व वेनेजुएला राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का पतन भी शामिल हो गया।
इस घटना ने अटकलों और 24×7 चलने वाले इस लेन-देन के धुंधले संसार पर फिर से ध्यान खींचा है। पिछले सप्ताह, एक अज्ञात ट्रेडर ने 4 लाख डॉलर से अधिक की रकम तब कमा ली, जब उसने यह दांव लगाया कि मादुरो जल्द ही सत्ता से बाहर हो जाएंगे।
इस ट्रेडर ने Polymarket नामक प्लेटफॉर्म पर अपने अधिकांश दांव उस समय लगाए, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मादुरो की गिरफ्तारी से जुड़ी अचानक रात की कार्रवाई की घोषणा किए जाने से महज कुछ घंटे ही बचे थे। दांव के समय और प्लेटफॉर्म पर उस ट्रेडर की सीमित गतिविधि के कारण ऑनलाइन संभावित इनसाइडर ट्रेडिंग को लेकर संदेह जताया जाने लगा।
हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि पकड़े जाने का जोखिम बहुत ज्यादा था और मादुरो के भविष्य को लेकर पहले से चल रही अटकलों के आधार पर ऐसे सौदे किए गए हो सकते हैं। Polymarket ने इस पर टिप्पणी के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया।
हाल के वर्षों में प्रेडिक्शन मार्केट्स का व्यावसायिक उपयोग तेजी से बढ़ा है, जिससे लोग भविष्य की कई घटनाओं की संभावना पर पैसा लगाने लगे हैं। हालांकि कुछ मामलों में बड़ी कमाई होती है, लेकिन रोज़ाना कई ट्रेडर्स को नुकसान भी उठाना पड़ता है।
अमेरिका में सरकारी निगरानी के लिहाज से, इन सौदों को पारंपरिक जुए से अलग श्रेणी में रखा गया है, जिससे पारदर्शिता और जोखिम को लेकर सवाल उठते हैं।
प्रेडिक्शन मार्केट्स में विषयों की सीमा बहुत व्यापक है — भू-राजनीतिक संघर्षों से लेकर पॉप कल्चर और यहां तक कि साजिश सिद्धांतों के भविष्य तक। हाल में चुनावों और खेल मुकाबलों पर दांव में तेज़ी आई है। कुछ यूज़र्स ने नेटफ्लिक्स सीरीज़ स्ट्रेंजर थिंग्स के कथित “सीक्रेट फिनाले”, एलियन जीवन के अस्तित्व की अमेरिकी पुष्टि और अरबपति एलन मस्क की सोशल मीडिया पोस्ट्स की संख्या तक पर लाखों डॉलर लगाए हैं।
इन बाजारों में खरीदी-बिक्री की जाने वाली चीज़ को “इवेंट कॉन्ट्रैक्ट” कहा जाता है, जो आमतौर पर “हां” या “नहीं” के दांव होते हैं। इनकी कीमत 0 से 1 डॉलर के बीच होती है, जो इस बात को दर्शाती है कि ट्रेडर्स किसी घटना के घटित होने की कितनी संभावना मानते हैं।
समर्थकों का कहना है कि पैसे के दांव से भविष्यवाणियां ज्यादा सटीक होती हैं। वेक फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी के अर्थशास्त्र प्रोफेसर कोलमैन स्ट्रंपफ के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म्स से संभावित खबरों के संकेत मिल सकते हैं, हालांकि उन्होंने माना कि यह कोई “क्रिस्टल बॉल” नहीं है और ये बाजार गलत भी हो सकते हैं।
ट्रेडिंग करने वालों की पहचान भी काफी हद तक अस्पष्ट रहती है। कंपनियां पहचान सत्यापन के लिए व्यक्तिगत जानकारी लेती हैं, लेकिन ज़्यादातर लोग ऑनलाइन छद्म नामों से ट्रेड करते हैं, जिससे यह जानना मुश्किल होता है कि फायदा किसे हो रहा है।
आलोचकों का कहना है कि 24×7 चलने वाले इन आसान दांवों से रोज़ाना वित्तीय नुकसान होता है, खासकर उन लोगों को जो पहले से जुए की समस्या से जूझ रहे हैं। इससे इनसाइडर ट्रेडिंग की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।
Polymarket दुनिया के सबसे बड़े प्रेडिक्शन मार्केट्स में से एक है, जहां क्रिप्टोकरेंसी, डेबिट/क्रेडिट कार्ड और बैंक ट्रांसफर से सौदे किए जा सकते हैं। नियम देश के अनुसार अलग-अलग हैं। अमेरिका में, जो बाइडन प्रशासन के दौरान सख्ती के बाद 2022 में इसे संचालन से रोका गया था, लेकिन ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में इसे फिर से अनुमति मिल गई।
इसके प्रतिद्वंद्वी Kalshi को 2020 से संघीय मान्यता प्राप्त है और यह चुनावों व खेलों से जुड़े इवेंट कॉन्ट्रैक्ट्स की अनुमति देता है। DraftKings, FanDuel और Robinhood जैसी बड़ी कंपनियां भी इस क्षेत्र में उतर चुकी हैं। ट्रंप का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social भी Crypto.com के साथ मिलकर प्रेडिक्शन मार्केट शुरू करने की योजना बना रहा है।
कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि इवेंट कॉन्ट्रैक्ट्स पर रोक लगाना आसान नहीं होगा और यह मामला अंततः अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकता है। फिलहाल, मादुरो से जुड़े सौदे के बाद इनसाइडर ट्रेडिंग को लेकर सख्त नियमों की मांग तेज हो गई है।
डेमोक्रेट सांसद रिची टोरेस ने शुक्रवार को एक विधेयक पेश किया, जिसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को राजनीतिक इवेंट कॉन्ट्रैक्ट्स में भागीदारी से रोकना है।
