मादुरो को मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों में पहली पेशी के लिए अमेरिकी अदालत में पेश किया गया

Federal law enforcement personnel ride ahead of an armored vehicle carrying Venezuelan President Nicolas Maduro and his wife Cilia Flores as it arrives at Manhattan Federal Court, Monday, Jan. 5, 2026, in New York.AP/PTI(AP01_05_2026_000268B)

न्यूयॉर्क, 5 जनवरी (एपी)

अपदस्थ वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सोमवार को अमेरिका की एक अदालत में पहली बार पेश किया गया। यह पेशी मादक पदार्थ तस्करी और नार्को-आतंकवाद से जुड़े उन आरोपों के सिलसिले में हुई है, जिनका हवाला देते हुए ट्रंप प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाने को उचित ठहराया था।

मादुरो और उनकी पत्नी के दोपहर करीब 12 बजे एक न्यायाधीश के सामने संक्षिप्त लेकिन अनिवार्य कानूनी कार्यवाही में पेश होने की उम्मीद है। इससे यह लंबी कानूनी लड़ाई शुरू होने की संभावना है कि क्या मादुरो पर अमेरिका में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं।

दोनों को सोमवार तड़के सशस्त्र सुरक्षा के बीच ब्रुकलिन जेल से मैनहैटन की अदालत में लाया गया। मादुरो को ले जा रहा काफिला सुबह करीब 7.15 बजे जेल से रवाना हुआ और पास के एक खेल मैदान पहुंचा, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर में बैठाया गया। हेलीकॉप्टर न्यूयॉर्क हार्बर पार कर मैनहैटन के हेलीपोर्ट पर उतरा, जहां से मादुरो को बख्तरबंद वाहन में अदालत ले जाया गया।

अमेरिकी कानूनी व्यवस्था में एक आपराधिक आरोपी के तौर पर मादुरो को वही अधिकार मिलेंगे जो किसी भी अन्य आरोपी को मिलते हैं, जिनमें न्यूयॉर्क के नागरिकों की जूरी द्वारा मुकदमे का अधिकार भी शामिल है। हालांकि, उनका मामला लगभग—लेकिन पूरी तरह नहीं—अनोखा है।

मादुरो के वकीलों के उनकी गिरफ्तारी की वैधता को चुनौती देने की उम्मीद है। उनका तर्क होगा कि एक संप्रभु राष्ट्राध्यक्ष होने के नाते उन्हें अभियोजन से प्रतिरक्षा प्राप्त है। इससे पहले पनामा के पूर्व शासक मैनुअल नोरिएगा ने 1990 में अमेरिकी कार्रवाई के बाद इसी तरह की दलील दी थी, लेकिन वह असफल रहे थे।

अमेरिका मादुरो को वेनेजुएला का वैध राष्ट्रपति नहीं मानता, खासकर 2024 के विवादित पुनः चुनाव के बाद। वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका से मादुरो को लौटाने की मांग की है, हालांकि उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट में अधिक नरम रुख अपनाते हुए राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सहयोग और अमेरिका के साथ “सम्मानजनक संबंधों” की बात कही।

अमेरिका ने शनिवार को एक सैन्य अभियान में मादुरो और उनकी पत्नी को एक सैन्य अड्डे पर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका अस्थायी रूप से वेनेजुएला को “चलाएगा”, हालांकि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने स्पष्ट किया कि अमेरिका देश का दैनिक प्रशासन नहीं संभालेगा, सिवाय मौजूदा “तेल प्रतिबंध” लागू करने के।

शनिवार को सार्वजनिक किए गए 25 पन्नों के अभियोग में मादुरो और अन्य पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने ड्रग कार्टेल्स के साथ मिलकर हजारों टन कोकीन अमेरिका भेजने में मदद की। दोषी ठहराए जाने पर उन्हें आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।

अभियोग में यह भी आरोप है कि मादुरो और उनकी पत्नी ने ड्रग कारोबार से जुड़े लोगों के अपहरण, पिटाई और हत्याओं के आदेश दिए। उनकी पत्नी पर 2007 में रिश्वत लेने और ड्रग तस्करों को सरकारी अधिकारियों से मिलवाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मादुरो, उनकी पत्नी और उनका बेटा—जो अभी फरार है—वेनेजुएला के मौजूदा और पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस मामले में आरोपी बनाए गए हैं। (एपी) SCY SCY