मामूली विद्युत खराबी के कारण एयर फोर्स वन वॉशिंगटन क्षेत्र लौटा: व्हाइट हाउस

President Donald Trump smiles during a meeting with oil executives in the East Room of the White House, Friday, Jan. 9, 2026, in Washington. AP/PTI(AP01_10_2026_000001B)

वॉशिंगटन, 21 जनवरी (एपी)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विमान एयर फोर्स वन मंगलवार शाम स्विट्ज़रलैंड के लिए रवाना होने के लगभग एक घंटे बाद जॉइंट बेस एंड्रयूज़ लौट आया।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि उड़ान भरने के बाद एयर फोर्स वन में मौजूद चालक दल ने “एक मामूली विद्युत समस्या” की पहचान की, जिसके बाद पूरी सावधानी बरतते हुए विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया गया।

विमान में मौजूद एक रिपोर्टर ने बताया कि उड़ान के तुरंत बाद प्रेस केबिन की लाइटें कुछ देर के लिए बंद हो गई थीं, हालांकि उस समय कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया। उड़ान के करीब आधे घंटे बाद पत्रकारों को सूचित किया गया कि विमान वापस लौट रहा है।

अब ट्रंप दूसरे विमान में सवार होकर दावोस में होने वाले विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की अपनी यात्रा जारी रखेंगे।

फिलहाल जिन दो विमानों का उपयोग एयर फोर्स वन के रूप में किया जा रहा है, वे लगभग चार दशकों से उड़ान भर रहे हैं। बोइंग इनकी जगह नए विमान तैयार कर रहा है, लेकिन यह कार्यक्रम कई बार देरी का शिकार हुआ है।

इन विमानों में राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए विशेष संशोधन किए गए हैं, जिनमें विकिरण से सुरक्षा, एंटी-मिसाइल तकनीक जैसी क्षमताएं शामिल हैं। इसके अलावा इनमें अत्याधुनिक संचार प्रणालियां भी लगी हैं, ताकि राष्ट्रपति दुनिया के किसी भी कोने से सेना से संपर्क कर सकें और आदेश जारी कर सकें।

पिछले वर्ष कतर के शासक परिवार ने ट्रंप को एक लग्ज़री बोइंग 747-8 जंबो जेट उपहार में दिया था, जिसे एयर फोर्स वन बेड़े में शामिल किया जाना है। इस कदम पर काफी जांच-पड़ताल और आलोचना हुई थी। फिलहाल उस विमान को सुरक्षा मानकों के अनुरूप ढालने का काम चल रहा है।

मंगलवार रात एयर फोर्स वन में पत्रकारों से मज़ाक करते हुए लेविट ने कहा कि इस समय “कतरी जेट कहीं ज़्यादा बेहतर लग रहा है।”

(एपी) जीएसपी