मुंबई इंडियंस का सामना शानदार फॉर्म में चल रही गुजरात जायंट्स से

Navi Mumbai: Mumbai Indians' Nicola Carey, centre, celebrates with teammates after taking a wicket during a Women's Premier League (WPL) T20 cricket match between Mumbai Indians and Delhi Capitals, at the DY Patil Stadium, in Navi Mumbai, Saturday, Jan. 10, 2026. (PTI Photo/Kunal Patil) (PTI01_10_2026_000539B)

नवी मुंबई, 12 जनवरी (पीटीआई) सत्र की अब तक की अपनी सर्वश्रेष्ठ शुरुआत करने वाली गुजरात जायंट्स मंगलवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को चुनौती देने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।

गुजरात जायंट्स के पास बल्लेबाजी में जबरदस्त ताकत है, जिसकी झलक उनके पहले दो मुकाबलों में साफ दिखी। दोनों मैचों में टीम ने 200 से अधिक का स्कोर खड़ा कर जीत दर्ज की। रविवार रात दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत ने टीम का आत्मविश्वास और बढ़ाया होगा, जहां सोफी डिवाइन ने बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर अंतिम ओवर में सात रन बचाते हुए टीम को जीत दिलाई। इससे पहले उन्होंने शीर्ष क्रम में 42 गेंदों पर 95 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।

कप्तान एशले गार्डनर ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है और उनके मुताबिक डब्ल्यूपीएल के चौथे सत्र की इससे बेहतर शुरुआत की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रोमांचक मुकाबले के बाद गार्डनर ने कहा, “मुझे लगा कि हमने वह मैच चुरा लिया, लेकिन ऐसे मुकाबले ड्रेसिंग रूम में काफी आत्मविश्वास और यह विश्वास भरते हैं कि हम किसी भी स्थिति से मैच जीत सकते हैं।”

हालांकि, गुजरात जायंट्स दिल्ली के खिलाफ मध्य ओवरों में कुछ रन गंवाने के बाद इस मैच में अधिक निर्दयी रवैया अपनाने की कोशिश करेगी। अनुभवी राजेश्वरी गायकवाड़ और काश्वी गौतम जैसे भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भी गार्डनर काफी खुश हैं।

मंगलवार को उनके प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस दिल्ली कैपिटल्स पर मिली जीत से हासिल लय को बरकरार रखना चाहेगी। टीम की सबसे बड़ी मैच विनर नैट स्किवर-ब्रंट शानदार फॉर्म में हैं, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी दिल्ली के खिलाफ 42 गेंदों में 74 रन की दमदार पारी खेलकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

अपने बल्लेबाजी दृष्टिकोण पर हरमनप्रीत ने कहा, “मैं अपनी बल्लेबाजी का भरपूर आनंद ले रही हूं और इसके लिए मैं अपनी भारतीय टीम और अब इस टीम को भी काफी श्रेय देती हूं। हमारे पास लंबी बल्लेबाजी लाइन-अप है, जिससे मुझे खुलकर खेलने की आजादी मिलती है। मुझे लंबे समय तक टिके रहने या खुद को रोकने की चिंता नहीं रहती और शायद यही वजह है कि मैं इतना एन्जॉय कर रही हूं।”

टीमें

गुजरात जायंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, रेणुका सिंह ठाकुर, भारती फुलमाली, टीटास साधु, काश्वी गौतम, कनिका आहूजा, तनुजा कंवर, जॉर्जिया वेयरहैम, अनुष्का शर्मा, हैप्पी कुमारी, किम गर्थ, यास्तिका भाटिया, शिवानी सिंह, डैनी वायट-हॉज, राजेश्वरी गायकवाड़, आयुषी सोनी।

मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), नैट स्किवर-ब्रंट, हेले मैथ्यूज, अमनजोत कौर, जी. कमलिनी, अमेलिया केर, शबनिम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता, सजना सजीवन, रहिला फिरदौस, निकोला कैरी, पूनम खेमनार, त्रिवेणी वसिष्ठ, नल्ला रेड्डी, सायका इशाक, मिली इलिंगवर्थ।

मैच रात 7.30 बजे (आईएसटी) से शुरू होगा। पीटीआई बीएस एपीए एपीए एपीए

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज

एसईओ टैग: #स्वदेशी, #न्यूज, मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात जायंट्स