मुनाफावसूली और वैश्विक तनाव में नरमी से चांदी-सोने में दूसरे दिन भी गिरावट

Stocks, gold and silver steady following wild swings overnight

नई दिल्ली, 6 फरवरी (पीटीआई)

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को कीमती धातुओं के दामों में तेज गिरावट दर्ज की गई। चांदी लगभग 5 प्रतिशत टूटकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। लगातार दूसरे दिन निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने से कीमतों पर दबाव बना रहा।

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी 13,000 रुपये या 4.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर बंद हुई, जबकि गुरुवार को इसका बंद भाव 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।

इसी तरह 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 3,400 रुपये या 2.12 प्रतिशत फिसलकर 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। इससे पहले यह 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

व्यापारियों ने बताया कि घरेलू बाजार में कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली रहा, हालांकि दिन के बाद के सत्र में वैश्विक बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुरुआती गिरावट के बाद बुलियन कीमतों में 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई।

स्पॉट चांदी 3.02 डॉलर या 4.26 प्रतिशत चढ़कर 74 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इससे पहले यह दिन के निचले स्तर 64.08 डॉलर प्रति औंस तक गिर गई थी, जहां इसमें करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

वहीं, सोना 106.74 डॉलर या 2.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,887.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। सत्र की शुरुआत में यह 4,654.86 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक फिसल गया था।

मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटीज प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, “स्पॉट गोल्ड कमजोर शुरुआत के बाद 4,654 डॉलर प्रति औंस तक गिरा, लेकिन बाद में तेज रिकवरी करते हुए करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,880 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है।”

उन्होंने बताया कि कमजोर रोजगार आंकड़ों से कीमती धातुओं को समर्थन मिला, लेकिन अमेरिका-ईरान वार्ता में किसी संभावित सफलता की उम्मीद ने तेजी को सीमित कर दिया।

सिंह ने कहा, “ओमान में चल रही ईरान-अमेरिका बैठक और आगे अमेरिकी मौद्रिक नीति की दिशा को लेकर अनिश्चितता के कारण कीमती धातुओं के बाजार में भारी उतार-चढ़ाव जारी है।”

(पीटीआई)