
दावोस, स्विट्ज़रलैंड, 23 जनवरी (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने गुरुवार को अपने यूरोपीय सहयोगियों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि रूस के लगभग चार साल पहले शुरू हुए आक्रमण और उसकी लगातार अंतरराष्ट्रीय आक्रामकता के प्रति यूरोप की प्रतिक्रिया धीमी, बिखरी हुई और अपर्याप्त रही है।
स्विट्ज़रलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने यूरोप के खिलाफ कई शिकायतें और आलोचनाएं गिनाईं और कहा कि इन कारणों से यूक्रेन, शांति समझौते के लिए अमेरिका के मौजूदा प्रयासों के बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के रहमो-करम पर आ गया है।
“यूरोप भटका हुआ नजर आता है,” जेलेंस्की ने अपने भाषण में कहा और महाद्वीप से एक वैश्विक शक्ति बनने का आह्वान किया। उन्होंने वेनेज़ुएला और ईरान में वाशिंगटन के साहसिक कदमों के साथ यूरोप की प्रतिक्रिया की तुलना की।
पूर्व हास्य अभिनेता रहे जेलेंस्की ने फिल्म ‘ग्राउंडहॉग डे’ का उल्लेख किया, जिसमें मुख्य पात्र को एक ही दिन को बार-बार जीना पड़ता है।
उन्होंने कहा, “पिछले साल ही, यहीं दावोस में, मैंने अपना भाषण इन शब्दों के साथ समाप्त किया था: यूरोप को यह जानने की जरूरत है कि वह अपनी रक्षा कैसे करे। एक साल बीत गया है और कुछ भी नहीं बदला। हम आज भी उसी स्थिति में हैं, जहां मुझे फिर से वही शब्द दोहराने पड़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि युद्ध में यूक्रेनी भी उसी वास्तविकता में फंसे हुए लगते हैं, “हफ्तों, महीनों और निश्चित रूप से वर्षों तक एक ही बात दोहराते हुए। और यही हमारी मौजूदा जिंदगी है।”
ट्रंप से मुलाकात
जेलेंस्की का यह भाषण दावोस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बंद कमरे में करीब एक घंटे चली बैठक के बाद आया। ट्रंप ने बातचीत को “बहुत अच्छी” बताया, जबकि जेलेंस्की ने इसे “उत्पादक और सार्थक” कहा।
यूरोपीय देश, जो अपने पूर्वी मोर्चे पर इस युद्ध में अपनी भविष्य की रक्षा दांव पर देखते हैं, कीव को वित्तीय, सैन्य और मानवीय सहायता दे रहे हैं, लेकिन 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ के सभी देश मदद नहीं कर रहे। रूस से निपटने को लेकर यूरोप के भीतर राजनीतिक मतभेदों और कई बार धीमी प्रतिक्रिया से भी यूक्रेन निराश रहा है।
रूस की बड़ी सेना ने 2014 में शत्रुता शुरू होने के बाद से यूक्रेन के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है और 2022 में पूर्ण पैमाने पर आक्रमण किया। हालांकि, लगभग 1,000 किलोमीटर लंबी अग्रिम पंक्ति पर रूस की बढ़त उसे भारी कीमत चुकाकर मिली है और युद्ध व अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का असर रूसी अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।
यूक्रेन को धन की कमी का सामना करना पड़ रहा है और अपने हथियार निर्माण को काफी बढ़ाने के बावजूद उसे अभी भी पश्चिमी हथियारों की जरूरत है। मोर्चे पर भी सैनिकों की कमी है। उसके रक्षा मंत्री ने पिछले सप्ताह बताया था कि करीब 2 लाख सैनिकों ने ड्यूटी छोड़ दी है और लगभग 20 लाख यूक्रेनियों ने भर्ती से बचने की कोशिश की है।
जेलेंस्की अन्य वैश्विक संघर्षों के बावजूद यूक्रेन पर दुनिया का ध्यान बनाए रखने की कोशिश भी कर रहे हैं।
महत्वपूर्ण फैसलों पर निष्क्रियता का आरोप
जेलेंस्की ने प्रमुख फैसलों पर धीमी कार्रवाई, रक्षा पर कम खर्च, अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को तोड़ने वाले रूस के ‘शैडो फ्लीट’ तेल टैंकरों को न रोक पाने और यूरोप में जमी रूसी संपत्तियों का उपयोग यूक्रेन के लिए वित्तपोषण में करने से हिचकिचाने के लिए यूरोप की आलोचना की।
उन्होंने कहा, “यूरोप अब भी एक वास्तविक राजनीतिक शक्ति या महाशक्ति की बजाय एक भूगोल, इतिहास और परंपरा जैसा अधिक लगता है।” उन्होंने कहा, “कुछ यूरोपीय वास्तव में बहुत मजबूत हैं, यह सच है, लेकिन कई लोग कहते हैं कि हमें मजबूत रहना चाहिए और वे हमेशा चाहते हैं कि कोई और उन्हें बताए कि उन्हें कब तक मजबूत रहना है, बेहतर हो कि अगले चुनाव तक।”
ट्रंप प्रशासन शांति समझौते के लिए जोर दे रहा है और उसके दूत कीव और मॉस्को के बीच लगातार बातचीत कर रहे हैं, जिसको लेकर कुछ लोगों को चिंता है कि इससे यूक्रेन को प्रतिकूल समझौता स्वीकार करना पड़ सकता है।
मॉस्को में बैठक
क्रेमलिन के अनुसार, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जैरेड कुश्नर गुरुवार देर रात मॉस्को पहुंचे और पुतिन के साथ और बातचीत की।
दावोस में विटकॉफ ने कहा कि बातचीत में एक बड़ा मुद्दा अब भी सुलझना बाकी है, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वह क्या है। जेलेंस्की ने कहा कि रूस के कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन के इलाकों की भविष्य की स्थिति अभी तय नहीं हुई है, लेकिन शांति प्रस्ताव “लगभग तैयार” हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद की सुरक्षा गारंटियों पर अमेरिका और यूक्रेन के बीच सहमति बन चुकी है, हालांकि इसके लिए दोनों देशों की पुष्टि जरूरी होगी।
जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका, यूक्रेन और रूस के बीच त्रिपक्षीय बैठकों के दो दिन शुक्रवार से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू होने वाले हैं।
उन्होंने कहा, “रूसियों को समझौते के लिए तैयार रहना होगा, क्योंकि सभी को तैयार रहना चाहिए, सिर्फ यूक्रेन को नहीं, और यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है।”
ट्रंप और जेलेंस्की के रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति ने कई बार पुतिन की भी आलोचना की है।
जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने ट्रंप को अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां देने के लिए धन्यवाद दिया, जो यूक्रेन के बिजली ढांचे पर बार-बार गिर रही रूसी मिसाइलों को रोकने में मदद कर सकती हैं, जिससे नागरिकों को रोशनी, हीटिंग और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्रंप से और प्रणालियों की मांग भी की है।
ट्रंप द्वारा यूक्रेन के लिए समर्थन में कटौती के बाद, अन्य नाटो देशों ने एक विशेष वित्तीय व्यवस्था के तहत अमेरिका से हथियार खरीदकर कीव को दान देना शुरू किया। (एपी) वीएन वीएन
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज
SEO टैग्स: #swadesi, #News, यूरोप को चेतावनियां ‘ग्राउंडहॉग डे’ जैसी: जेलेंस्की
