यूपी के बलिया में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार

arrested

बलिया (यूपी), 20 फरवरी (पीटीआई) बलिया जिले के गड़वार क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 फरवरी की शाम की है, जब नाबालिग शौच के लिए घर से बाहर गई थी।

आरोप है कि उसके गांव के पांच लोगों—रोशन, रोहित, लल्लू, राजू और एक अज्ञात व्यक्ति—ने उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों में से दो—राजू यादव (26) और रोशन यादव (25)—को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर बुधवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और एससी/एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।