शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), 18 फरवरी (पीटीआई) पुलिस ने बुधवार को बताया कि 38 वर्षीय एक महिला की कथित आत्महत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला ने फांसी लगाने से पहले एक वीडियो पोस्ट कर अपनी मौत के लिए अपने पति को जिम्मेदार ठहराया था।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सदर बाजार निवासी पिंकी शुक्ला ने रविवार को अपने घर में कथित रूप से फांसी लगा ली।
पुलिस के अनुसार, महिला के पिता राधेश्याम शुक्ला ने शिकायत में आरोप लगाया कि पिंकी के पति दीपक शुक्ला का एक महिला के साथ अवैध संबंध था और वह उनकी बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक शुक्ला, उसकी कथित प्रेमिका तथा राजेश शुक्ला और रमेश शुक्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पिंकी शुक्ला द्वारा रिकॉर्ड किया गया नौ मिनट का एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया।
वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसके पति का एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जो उसे पत्नी और बच्चों को छोड़ने के लिए दबाव बना रही थी।
पुलिस के मुताबिक, पिंकी ने वीडियो में कहा कि वह जीना चाहती थी, लेकिन 20 साल की शादी में लगातार प्रताड़ना से वह “टूट चुकी” थी और महाशिवरात्रि के दिन यह “कदम” उठा रही है।

