गोरखपुर (यूपी), 11 फरवरी (पीटीआई) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरिजनपुर गांव में शादी समारोह के दौरान तेज संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद के हिंसक झड़प में बदल जाने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान मुनीब चौहान के रूप में हुई है।
यह घटना मंगलवार रात की है, जब सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलचंद के घर पर आयोजित विवाह समारोह में झगड़ा शुरू हो गया।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात डीजे की आवाज को लेकर दो पक्षों के बीच बहस छिड़ गई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें चौहान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पीड़ित की बहन सरोज देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार ने बताया कि उचित धाराएं लगाई गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। PTI COR ABN AMJ AMJ

