
लखनऊ, 16 जनवरी (पीटीआई) अयोध्या में सरयू नदी पर नाव चलाने वाले नाविकों को पर्यटकों को प्राचीन स्थानीय स्थलों का इतिहास सुनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह नई पहल तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि इस कदम का उद्देश्य नाव की सवारी को सांस्कृतिक पर्यटन में बदलना है, साथ ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
एक बयान में सिंह ने कहा कि यह पहल अयोध्या में पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या और नौकायन में बढ़ती रुचि को देखते हुए की जा रही है। पर्यटन विभाग 15 से 17 जनवरी तक 55 नाविकों और अन्य पर्यटन से जुड़े हितधारकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर रहा है।
