जयपुर, 29 जनवरी (पीटीआई) राजस्थान के भरतपुर जिले में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घने कोहरे के बीच एक स्लीपर बस के खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा जाने से चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मृतकों में एक महिला और उसका आठ वर्षीय बेटा शामिल है।
यह हादसा बुधवार रात सेवर पुल के पास उस समय हुआ, जब उत्तर प्रदेश के कासगंज से जयपुर जा रही बस आगे खड़े ट्रेलर ट्रक से जा टकराई।
सेवर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश शर्मा ने बताया, “घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।”
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के सतोवा गांव निवासी गीता (38), उनके पुत्र कान्हा (8), बस चालक मुखन सिंह (28) निवासी कठूमर, अलवर जिला, और कासगंज निवासी मुस्लिम (40) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था।
पुलिस ने बताया कि ट्रेलर ट्रक खराब हो गया था और उसे बिना किसी बैरिकेड या चेतावनी संकेत के सड़क पर खड़ा कर दिया गया था। पीटीआई
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज
SEO टैग्स: #swadesi, #News, राजस्थान में सड़क हादसे में चार की मौत

