राष्ट्रपति चुनाव के बाद, युगांडा पुलिस ने विपक्षी नेता बोबी वाइन के एक प्रमुख सहयोगी को हिरासत में लिया

A man casts his vote at a polling station in the capital, Kampala, Uganda, Thursday, Jan. 15, 2026.AP/PTI(AP01_15_2026_000174B)

कंपाला, युगांडा, 23 जनवरी (एपी) युगांडा में पिछले सप्ताह हुए चुनाव के दौरान मध्य युगांडा के एक दूरदराज़ इलाके में हुई हिंसक घटनाओं में कथित संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को विपक्षी नेता बोबी वाइन के एक प्रमुख सहयोगी को हिरासत में ले लिया।

बोबी वाइन की नेशनल यूनिटी प्लेटफॉर्म पार्टी के उपाध्यक्ष और सांसद मुवांगा किवुंबी पर आरोप है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में हुई हिंसा में उनकी भूमिका रही, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता कितुमा रूसोके ने कहा कि किवुंबी के खिलाफ आपराधिक आरोप लगाए जा सकते हैं।

इन सात लोगों की मौत बुटाम्बाला में किवुंबी के घर पर अज्ञात सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई गोलीबारी में हुई थी। किवुंबी ने मृतकों के अंतिम संस्कार में भावुक होकर कहा था कि वे सभी सशस्त्र बलों द्वारा की गई हिंसा के शिकार थे।

बोबी वाइन, जिनका असली नाम क्यागुलानी सेंटामु है, ने कहा कि राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी को गुरुवार के राष्ट्रपति चुनाव में विजेता घोषित किए जाने के बाद वह छिपे हुए हैं। मुसेवेनी 1986 से सत्ता में हैं।

आधिकारिक नतीजों के अनुसार, मुसेवेनी को 71.6 प्रतिशत और उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी वाइन को 24.7 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन वाइन ने इन परिणामों को फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया।

वाइन ने गुरुवार को कहा कि किवुंबी और अन्य की गिरफ्तारी के बाद उन्हें युगांडा में सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरा घर अब भी घेराबंदी में है और आपराधिक शासन मुझे पकड़ने की कोशिश कर रहा है।”

रविवार को दिए गए एक टेलीविज़न संबोधन में मुसेवेनी ने विपक्ष पर मतदान के दौरान हिंसा भड़काने का आरोप लगाया और कहा कि बुटाम्बाला में मारे गए लोगों ने पुलिस पर माचेते से हमला किया था। उन्होंने धार्मिक नेताओं से युवाओं तक पहुंचने की अपील की, जिनके बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें हिंसा के लिए भटकाया जा सकता है।

पुलिस प्रवक्ता रूसोके ने कहा कि वाइन कोई वांछित व्यक्ति नहीं हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाने की किसी कोशिश की उन्हें जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, “हमने पूरे चुनाव के दौरान बोबी वाइन की सुरक्षा की। चुनाव के बाद वह असुरक्षित क्यों होंगे? तार्किक रूप से इसका कोई आधार नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि वाइन के खिलाफ “कोई आरोप नहीं है।”

हालांकि, बुटाम्बाला में चुनावी हिंसा के सिलसिले में हिरासत में लिए गए 21 संदिग्धों में से कुछ ने किवुंबी की ओर उंगली उठाई है। किवुंबी संसद की अपनी सीट बचाने में असफल रहे थे, पुलिस अधिकारी कितुमा ने कहा।

उन्होंने कहा, “पुलिस और उनके समर्थकों के बीच लगातार झड़पें हो रही थीं।”

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता ने कहा कि गुटेरेस चुनाव के बाद युगांडा में हुई घटनाओं, जिनमें विपक्षी नेताओं और समर्थकों की गिरफ्तारी, हिरासत और हिंसक घटनाओं की खबरें शामिल हैं, को लेकर “चिंतित हैं।” प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजारिक के बयान में कहा गया कि गुटेरेस सभी पक्षों से संयम बरतने और कानून के शासन तथा युगांडा की अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार प्रतिबद्धताओं का सम्मान करने का आग्रह कर रहे हैं।

युगांडा का चुनाव कई दिनों तक इंटरनेट बंद रहने और बायोमेट्रिक मतदाता पहचान मशीनों की विफलता से प्रभावित रहा, जिससे राजधानी कंपाला सहित कई क्षेत्रों में मतदान शुरू होने में देरी हुई। वाइन ने यह भी आरोप लगाया है कि मुसेवेनी के गढ़ माने जाने वाले कुछ इलाकों में बैलेट बॉक्स में फर्जी वोट डाले गए।

पूरे चुनाव अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की भारी मौजूदगी रही। वाइन ने कहा कि अधिकारी उनका पीछा करते रहे और उनके समर्थकों को परेशान किया गया, अक्सर उन पर आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा चिंताओं के कारण उन्होंने फ्लैक जैकेट और हेलमेट पहनकर प्रचार किया।

81 वर्षीय मुसेवेनी अब सातवां पांच वर्षीय कार्यकाल शुरू करेंगे, जिससे उनका सत्ता में समय लगभग पांच दशकों के करीब पहुंच जाएगा।

उनके समर्थक उन्हें उस अपेक्षाकृत शांति और स्थिरता का श्रेय देते हैं, जिसके कारण युगांडा क्षेत्र के अन्य हिस्सों में हिंसा से भागकर आने वाले सैकड़ों हजारों लोगों का आश्रय स्थल बना हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया है कि वह कब सेवानिवृत्त होंगे और उनकी पार्टी नेशनल रेज़िस्टेंस मूवमेंट के शीर्ष स्तर पर उनका कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं है।

युगांडा ने छह दशक पहले ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता के बाद से अब तक राष्ट्रपति सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण नहीं देखा है। (एपी) वीएन वीएन

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज

SEO टैग्स: #swadesi, #News, राष्ट्रपति चुनाव के बाद युगांडा पुलिस ने विपक्षी नेता बोबी वाइन के एक प्रमुख सहयोगी को हिरासत में लिया