
चेन्नई, 12 फरवरी (पीटीआई) वरिष्ठ भाजपा नेता वनाथी श्रीनिवासन ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करने से बचने और रचनात्मक राजनीति पर ध्यान देने को कहा।
लोकसभा में कथित तौर पर पूर्व सेना प्रमुख के एक संस्मरण को लेकर हंगामा करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता देश की सुरक्षा के साथ जानबूझकर राजनीति कर रहे हैं।
कोयंबटूर दक्षिण से विधायक श्रीनिवासन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जनता द्वारा नकारे गए राहुल गांधी लोकसभा में अराजकता फैला रहे हैं। राजनीति में करने के लिए हजारों काम हैं, लेकिन वे बेवजह देश की सुरक्षा का राजनीतिकरण कर रहे हैं। इससे वह विपक्ष के नेता का पद भी गंवा सकते हैं।”
श्रीनिवासन, जो भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार कांग्रेस को नकार दिया है, लेकिन पार्टी अब भी यह भ्रम पैदा कर रही है कि वह सत्ता में है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और बिहार विधानसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस इस निष्कर्ष पर पहुंच गई है कि वह अब चुनाव नहीं जीत सकती। “इसीलिए वह संसद के मौजूदा सत्र में अराजकता में शामिल हो रही है,” उन्होंने आरोप लगाया।
राहुल गांधी का यह कहना कि एक अप्रकाशित पुस्तक के संदर्भ में देश की सुरक्षा पर चर्चा होनी चाहिए, स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा, “राजनीति में करने के लिए हजारों मुद्दे हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा उन पर राजनीति करने का विषय नहीं है। इसके बजाय राहुल गांधी को रचनात्मक राजनीति करनी चाहिए।” PTI JSP JSP KH
