गुरुग्राम, 20 फरवरी (पीटीआई) यहां 19 वर्षीय एक छात्रा को उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर बेरहमी से पीटा, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी साथी शिवम (19) को गिरफ्तार कर लिया है, जो दिल्ली का निवासी है।
पीड़िता उत्तर त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम स्थित जीडी गोयनका विश्वविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी और वे पिछले कुछ महीनों से सेक्टर 69 के एक पीजी आवास में साथ रह रहे थे। दोनों परिवारों के बीच उनकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी।
गुरुवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गुरुवार देर रात पीड़िता की मां द्वारा घटना की सूचना देने पर पुलिस पीजी कक्ष में पहुंची और छात्रा को बचाया।
पुलिस उपायुक्त हितेश यादव ने कहा, “आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर पीड़िता पर बेरहमी से हमला किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी लिव-इन पार्टनर के चरित्र पर संदेह हो गया था। आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।”
उन्होंने बताया कि बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीटीआई सीओआर आरयूके आरयूके
Category: Breaking News
SEO Tags: #swadesi, #News, 19-year-old student beaten up by live-in partner admitted to AIIMS in critical condition

