चंडीगढ़, 7 जनवरी (पीटीआई) — पुलिस ने बुधवार को बताया कि खालिस्तानी लिंक रखने वाले लुधियाना के दो लोगों को विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर एक ‘टार्गेटेड किलिंग’ की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने साजिश के तहत लुधियाना में सरकारी और प्रमुख कार्यालयों की रेकी (टोही) भी की थी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों आरोपी यूके और जर्मनी में स्थित खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) से जुड़े हैंडलरों के संपर्क में थे और इसकी कट्टरपंथी उग्रवादी विचारधारा से प्रभावित थे।
डीजीपी ने पोस्ट में कहा, “एक बड़ी खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई में, राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी), एसएएस नगर ने काउंटर इंटेलिजेंस, लुधियाना के साथ समन्वय में लुधियाना के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर एक टार्गेटेड किलिंग की योजना बना रहे थे। उनके पास से एक 9 एमएम पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।”
उन्होंने बताया कि आरोपी शहर के सरकारी कार्यालयों की रेकी कर चुके थे और कुछ अन्य चिन्हित व्यक्तियों से संबंधित जानकारी जुटाने तथा आगे की तैयारी करने का काम उन्हें सौंपा गया था।
इस मामले में पुलिस थाना एसएसओसी, एसएएस नगर में एफआईआर दर्ज की गई है। डीजीपी ने कहा कि आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

