
कीव, 29 दिसंबर (एपी) यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि प्रस्तावित शांति योजना के तहत अमेरिका यूक्रेन को 15 वर्षों की सुरक्षा गारंटी देने की पेशकश कर रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि रूस को भविष्य में बल प्रयोग कर यूक्रेन की जमीन हथियाने से रोकने के लिए वह अमेरिका की 50 वर्षों तक की प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को फ्लोरिडा स्थित अपने रिसॉर्ट में जेलेंस्की की मेजबानी की और जोर दिया कि यूक्रेन और रूस शांति समझौते के “अब तक सबसे करीब” हैं।
हालांकि, प्रमुख मुद्दों पर अब भी किसी निर्णायक प्रगति की तलाश जारी है, जिनमें यह शामिल है कि किस क्षेत्र से किसकी सेनाएं हटेंगी और रूसी कब्जे वाले जापोरिज़्ज़िया परमाणु बिजली संयंत्र का भविष्य क्या होगा। यह संयंत्र दुनिया के 10 सबसे बड़े परमाणु संयंत्रों में से एक है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका के नेतृत्व में चल रही महीनों पुरानी वार्ताएं अभी विफल भी हो सकती हैं।
जेलेंस्की ने व्हाट्सऐप के जरिए भेजे गए सवालों के जवाब में वॉयस संदेशों में संवाददाताओं से कहा, “सुरक्षा गारंटी के बिना, वास्तविक रूप से, यह युद्ध समाप्त नहीं होगा।”
यूक्रेन 2014 से रूस से लड़ रहा है, जब रूस ने क्रीमिया को अवैध रूप से अपने कब्जे में ले लिया था और मॉस्को समर्थित अलगाववादियों ने पूर्वी यूक्रेन के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र डोनबास में हथियार उठा लिए थे।
सुरक्षा गारंटियों का विवरण सार्वजनिक नहीं हुआ है, लेकिन जेलेंस्की ने कहा कि इनमें शांति समझौते की निगरानी की व्यवस्था और साझेदार देशों की “मौजूदगी” शामिल है। उन्होंने इस पर विस्तार से नहीं बताया, हालांकि रूस पहले ही कह चुका है कि वह यूक्रेन में नाटो देशों की सेनाओं की तैनाती स्वीकार नहीं करेगा।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ट्रंप के बीच निकट भविष्य में बातचीत होने की उम्मीद है, लेकिन इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि पुतिन जेलेंस्की से बात करेंगे।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि कीव के सहयोगी देश जनवरी की शुरुआत में पेरिस में बैठक करेंगे, जहां सुरक्षा गारंटियों के लिए “प्रत्येक देश के ठोस योगदान को अंतिम रूप” दिया जाएगा।
जेलेंस्की के अनुसार, ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह 15 वर्षों से आगे भी यूक्रेन के लिए अमेरिकी सुरक्षा गारंटी बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन गारंटियों को अमेरिकी कांग्रेस और समझौते की निगरानी में शामिल अन्य देशों की संसदों की मंजूरी भी लेनी होगी।
जेलेंस्की ने कहा कि वह विचाराधीन 20 सूत्री शांति योजना को राष्ट्रीय जनमत संग्रह के जरिए यूक्रेनी जनता से मंजूरी दिलाना चाहते हैं।
हालांकि, मतदान कराने के लिए कम से कम 60 दिनों के युद्धविराम की आवश्यकता होगी, और मॉस्को ने पूर्ण समझौते के बिना किसी संघर्षविराम के लिए कोई तत्परता नहीं दिखाई है।
