
लाहौर, 30 मार्च (पीटीआई): पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की टीम लाहौर क़लंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और विदेशी खिलाड़ी सिकंदर रजा पर टीम होटल में सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के आरोप लगने के बाद वे एक असहज स्थिति के केंद्र में आ गए हैं।
लाहौर के डीआईजी (ऑपरेशंस) मुहम्मद फैसल ने शहर के एक पांच सितारा होटल में ठहरी आठ टीमों के लिए लागू सुरक्षा व्यवस्था के गंभीर उल्लंघन की सूचना पीएसएल के सीईओ को दी है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूर्व चेतावनी और अनुमति से इनकार के बावजूद, शाहीन और सिकंदर को रात 1:25 बजे तक रजा के आठवीं मंजिल स्थित कमरे में चार मेहमानों की मेजबानी करते हुए पाया गया।
लाहौर क़लंदर्स के लायजन अधिकारी और बाद में टीम मालिक समीन राणा ने शनिवार रात करीब 10:35 बजे और फिर 11:00 बजे रजा के कमरे में मेहमानों को आने की अनुमति मांगी थी, लेकिन दोनों बार इसे खारिज कर दिया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, लायजन अधिकारी ने पहले पीसीबी के सुरक्षा और एंटी-करप्शन यूनिट के मैनेजर से संपर्क कर रजा के चार रिश्तेदारों को कमरे में आने की अनुमति मांगी थी, जिसे सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अस्वीकार कर दिया गया।
इसके बाद टीम मालिक ने इसी अनुरोध के साथ पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर से संपर्क किया, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे फिर से मना कर दिया गया।
इसके बावजूद, रात करीब 11:05 बजे पीसीबी और सुरक्षा कर्मियों ने रिपोर्ट किया कि शाहीन और रजा ने प्रोटोकॉल की अनदेखी करते हुए मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों के विरोध के बावजूद चार मेहमानों को कमरे में ले गए। ये मेहमान रात 1:25 बजे तक वहां रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सूचित किया है कि यह बोर्ड के सुरक्षा प्रोटोकॉल और आचार संहिता का उल्लंघन है, जो सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और संबंधित कर्मियों की सुरक्षा और अखंडता सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं।
