नई दिल्ली, 24 जनवरी(पीटीआई) 33वें पंडित राधा कृष्ण और पंडित कर्ता राम मल्लिक राष्ट्रीय ध्रुपद समारोह में भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गज कलाकार शामिल होंगे, जिनमें पखावज वादक मोहन श्याम शर्मा, बांसुरी वादक नित्यानंद हल्दीपुर, सितार वादक जुनैद खान और गायक उदय कुमार मल्लिक शामिल हैं।
ध्रुपद अकादमी दिल्ली का यह सालाना संगीत कार्यक्रम 29 जनवरी को यहां इंडिया हैबिटेट सेंटर के स्टीन ऑडिटोरियम में शुरू होगा।
संगीत समारोह की शुरुआत शर्मा और रविंद्र यावगल के बीच पखावज-तबला जुगलबंदी से होगी, जिसके बाद गायिका महालक्ष्मी शेनॉय और हल्दीपुर की बांसुरी वादन की प्रस्तुति होगी।
दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण इंदौर बीनकार घराना की पांचवीं पीढ़ी के प्रतिनिधि और “जफरखानी बाज” के मशालची जुनैद खान का सितार वादन होगा।
सितार बजाने की यह अनोखी शैली खान के पिता और गुरु उस्ताद अब्दुल हलीम जफर खान ने ईजाद की थी।
आयोजकों ने एक बयान में कहा, “जफरखानी बाज का मुख्य तत्व एक ताल के भीतर टुकड़े बनाना है। सुरों को तकनीकों के संयोजन से पेश किया जाता है। इस शैली में बजाने में बाएं हाथ का बहुत ज़्यादा इस्तेमाल होता है, जिसमें तीन तारों का इस्तेमाल भी शामिल है। इस तकनीक के लिए लय पर असाधारण कौशल और महारत की ज़रूरत होती है।”
यह समारोह दरभंगा घराना के उदय कुमार मल्लिक के ध्रुपद गायन के साथ समाप्त होगा।पीटीआई एमएएच एमएएच आरबी आरबी
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग: #स्वदेशी, #समाचार, सितार वादक जुनैद खान, गायक उदय कुमार मल्लिक ध्रुपद समारोह में प्रस्तुति देंगे

