सीनेटर केली ने उन्हें दंडित करने की कोशिशों को लेकर पेंटागन पर मुकदमा दायर किया, इसे असंवैधानिक बताया

Defense Secretary Pete Hegseth speaks during a news conference at the Pentagon in Washington, Sunday, June 22, 2025, after the U.S. military struck three sites in Iran, directly joining Israel's effort to destroy the country's nuclear program. AP/PTI(AP06_22_2025_000179B)

वॉशिंगटन, 13 जनवरी (एपी) डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क केली ने अवैध आदेशों के खिलाफ चेतावनी देने पर उन्हें दंडित करने की कोशिशों को लेकर पेंटागन पर मुकदमा दायर किया है। उन्होंने दावा किया है कि ट्रंप प्रशासन ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया है।

एरिज़ोना का प्रतिनिधित्व करने वाले और अमेरिका की नौसेना के पूर्व पायलट केली, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ द्वारा पिछले सप्ताह दी गई उनकी निंदा (सेंशर) को रोकने की मांग कर रहे हैं। हेगसेथ ने 5 जनवरी को घोषणा की थी कि उन्होंने केली को एक वीडियो में भाग लेने के कारण निंदा पत्र जारी किया है, जिसमें सैनिकों से अवैध आदेशों का विरोध करने का आह्वान किया गया था।

हेगसेथ ने कहा कि यह निंदा — जो अपने आप में केवल एक औपचारिक पत्र है और जिसका व्यावहारिक असर बहुत कम है — आगे की उस प्रक्रिया का “एक आवश्यक चरण” है, जिसके परिणामस्वरूप केली को उनके सेवानिवृत्त कैप्टन रैंक से पदावनत किया जा सकता है और उनकी सेवानिवृत्ति पेंशन में कटौती हो सकती है।

केली ने सोमवार को वॉशिंगटन डीसी की एक संघीय अदालत से अनुरोध किया कि वह निंदा पत्र, उनके रैंक से संबंधित कार्यवाहियों और उनके खिलाफ किसी भी अन्य दंड को “अवैध और असंवैधानिक” घोषित करे।

उनके मुकदमे में कहा गया है, “पहला संशोधन सरकार और उसके अधिकारियों को नापसंद की गई अभिव्यक्ति को दंडित करने या संरक्षित अभिव्यक्ति के खिलाफ प्रतिशोध लेने से रोकता है। यह निषेध विशेष रूप से तब लागू होता है, जब विधायक सार्वजनिक नीति के मुद्दों पर बोलते हैं।”

पेंटागन ने इस पर टिप्पणी मांगने वाले संदेश का तुरंत जवाब नहीं दिया।

यह निंदा नवंबर में किए गए एक वीडियो में केली की भागीदारी से जुड़ी है, जिसमें उनके साथ पांच अन्य डेमोक्रेटिक सांसद थे — सभी सशस्त्र बलों और खुफिया समुदाय के पूर्व सदस्य। वीडियो में उन्होंने सैनिकों से संविधान का पालन करने और “अवैध आदेशों” की अवहेलना करने का आग्रह किया था। 90 सेकंड का यह वीडियो सबसे पहले सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया था। इसमें प्रतिनिधि जेसन क्रो, क्रिस डेलुज़ियो, मैगी गुडलैंडर और क्रिसी हूलाहन भी शामिल थे।

इसके कुछ दिनों बाद रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इन सांसदों पर देशद्रोह का आरोप लगाया और कहा कि यह “मौत की सजा योग्य” है।

पेंटागन ने नवंबर के अंत में केली के खिलाफ जांच शुरू की थी। इसमें एक संघीय कानून का हवाला दिया गया, जो रक्षा मंत्री के आदेश पर सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को दोबारा सक्रिय सेवा में बुलाने की अनुमति देता है, ताकि कोर्ट-मार्शल या अन्य दंड की कार्रवाई की जा सके।

हालांकि सभी छह सांसदों ने सेना या खुफिया समुदाय में सेवा की है, हेगसेथ ने कहा कि जांच केवल केली के खिलाफ इसलिए की जा रही है क्योंकि वे ही ऐसे हैं जिन्होंने औपचारिक रूप से सेना से सेवानिवृत्ति ली है और अब भी पेंटागन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।

इस मुकदमे में हेगसेथ, रक्षा विभाग, नौसेना सचिव जॉन फेलन और अमेरिकी नौसेना को प्रतिवादी बनाया गया है।

केली ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि वह “उन अमेरिकियों के अधिकारों के लिए खड़े हो रहे हैं जिन्होंने हमारी आज़ादी की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी।” उन्होंने हेगसेथ पर असहमति को दबाने की कोशिश करने और सैन्य दिग्गजों को उनके रैंक और वेतन से वंचित करने की धमकी देने का आरोप लगाया।

केली ने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका में चीज़ें इस तरह नहीं चलतीं, और मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा।” (एपी) एससीवाई एससीवाई

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #न्यूज़, सीनेटर केली ने उन्हें दंडित करने की कोशिशों को लेकर पेंटागन पर मुकदमा दायर किया, इसे असंवैधानिक बताया