नई दिल्ली, 25 जनवरी (पीटीआई) — चंडीगढ़ की सैन्यम और उत्तर प्रदेश के गौरव कुमार ने रविवार को यहां राष्ट्रीय चयन ट्रायल 1 और 2 के समापन पर क्रमशः महिलाओं और पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल ट्रायल-2 फाइनल में शीर्ष स्थान हासिल किया।
वर्ल्ड कप फाइनल की रजत पदक विजेता सैन्यम ने अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए 243.1 के दमदार स्कोर के साथ फाइनल में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने रिदम सांगवान (237.7) को 5.4 अंकों से पीछे छोड़ा।
मीनू पाठक ने एक बार फिर फाइनल में शीर्ष तीन में जगह बनाई और 218.5 के स्कोर के साथ प्रतियोगिता समाप्त की।
क्वालिफिकेशन में इससे पहले सुरुचि सिंह ने प्रभावशाली 587-31x के साथ पहला स्थान हासिल किया था, लेकिन फाइनल में वह आठवें स्थान पर रहीं।
पालक ने क्वालिफिकेशन में 579-16x के साथ दूसरा स्थान पाया और फाइनल में 178.2 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहीं।
अनुभवी श्वेता सिंह ने 578-18x के स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में वापसी करते हुए छठे स्थान पर रहीं।
मीनू पाठक ने क्वालिफिकेशन में 577-12x, जबकि प्रिया मुरलीधर ने 576-16x का स्कोर किया। रिदम सांगवान और सैन्यम ने क्रमशः 576-15x और 576-13x अंक बनाए, वहीं दिव्या टी.एस. ने 575-19x के साथ शीर्ष आठ में जगह बनाई।
पुरुष वर्ग में गौरव कुमार ने ट्रायल-1 में दूसरे स्थान के बाद ट्रायल-2 में शानदार सुधार करते हुए खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान पर क्वालिफाई करने वाले गौरव (584-21x) ने फाइनल में 245.5 अंक जुटाकर पहला स्थान हासिल किया।
योगेश कुमार 244.6 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उत्तर प्रदेश के ही हर्ष स्वामी ने 221.9 के अंतिम स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 585-26x के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था।

