सोना 850 रुपये चढ़कर 1.59 लाख रुपये/10 ग्राम पर; चांदी 2.64 लाख रुपये/किलो पर स्थिर

Stocks, gold and silver steady following wild swings overnight

नई दिल्ली, 20 फरवरी (पीटीआई) मजबूत वैश्विक रुख के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने की कीमत 850 रुपये बढ़कर 1,59,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी 2.64 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही, बाजार सूत्रों ने बताया।

99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गुरुवार को 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुआ था।

हालांकि, चांदी की कीमत 2,64,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 30.83 अमेरिकी डॉलर यानी 0.62 प्रतिशत बढ़कर 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 2.55 प्रतिशत की तेजी के साथ 80.5 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी (कमोडिटी रिसर्च) कायनात चैनवाला ने कहा, “संभावित अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण सोना 5,020 डॉलर प्रति औंस से ऊपर लौट आया है, जबकि चांदी भी बढ़कर करीब 81 डॉलर तक पहुंच गई है।”

उन्होंने कहा कि निवेशक प्रमुख आर्थिक आंकड़ों जैसे पर्सनल कंजम्प्शन एक्सपेंडिचर्स (PCE) महंगाई दर, चौथी तिमाही (Q4) जीडीपी और फ्लैश पीएमआई डेटा से पहले सतर्क बने हुए हैं।

लेमॉन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में तेज उतार-चढ़ाव के बाद हालिया स्थिरता के दौरान गिरावट पर खरीदारों की वापसी से बुलियन कीमतों में यह उछाल आया है।

उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें जैसे वैश्विक संकेतक निकट अवधि की धारणा को प्रभावित कर रहे हैं।

गर्ग ने कहा, “बीच-बीच में सुधार के बावजूद कीमती धातुओं का व्यापक रुझान सकारात्मक बना हुआ है। निवेशक मौजूदा गतिविधियों को रुझान में बदलाव के बजाय एक स्थिरीकरण चरण का हिस्सा मान रहे हैं।”