नई दिल्ली, 18 मार्च (पीटीआई) भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी इस महीने साइप्रस में होने वाले प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में भाग लेने को लेकर अब भी असमंजस में हैं और उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच मेजबान देश की सुरक्षा स्थिति को लेकर अपनी चिंता दोहराई है।
कैंडिडेट्स टूर्नामेंट, जो मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश (पुरुष) और जू वेनजुन (महिला) के खिलाफ चुनौती देने वालों का चयन करेगा, 28 मार्च से शुरू होने वाला है।
हंपी ने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मुझे पता है कि अकेले मैं कुछ बदल नहीं सकती। लेकिन चाहे मैं कैंडिडेट्स में खेलूं या नहीं, मुझे लगा कि जो मैं सच में महसूस करती हूं, उसे व्यक्त करना जरूरी है।”
उन्होंने कहा, “मैं उन सभी लोगों की आभारी हूं जिन्होंने मेरा समर्थन किया। जो लोग इस स्थिति की संवेदनशीलता को नहीं समझ सकते, उनके लिए मैं इतना ही कहना चाहूंगी।”
इस सप्ताह की शुरुआत में, दो बार की महिला विश्व रैपिड चैंपियन और पूर्व विश्व खिताब चुनौतीकर्ता हंपी ने कहा था कि वह यात्रा को लेकर हिचकिचा रही हैं और टूर्नामेंट से हटने पर विचार कर रही हैं।
यह बयान तब आया जब इस महीने की शुरुआत में साइप्रस में एक ब्रिटिश एयरबेस पर ड्रोन हमला हुआ था, जिससे यह आशंका बढ़ गई कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों से शुरू हुआ संघर्ष द्वीप की सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकता है।
हालांकि, फिडे (अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ) के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने इन चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि स्थल बदलने की जरूरत जैसी कोई “खतरनाक” स्थिति नहीं है। खाड़ी क्षेत्र के देश फिलहाल इस संघर्ष की चपेट में हैं और वहां का हवाई क्षेत्र काफी हद तक बंद है।
सुतोव्स्की ने कहा, “हमारी योजनाओं में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हम कैंडिडेट्स टूर्नामेंट की तैयारियों के अंतिम चरण में हैं। निश्चित रूप से, हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।”
उन्होंने कहा, “साइप्रस युद्ध क्षेत्र या संघर्ष क्षेत्र के बहुत पास है, लेकिन यह सीधे तौर पर इसमें शामिल नहीं है और न ही यह युद्ध की स्थिति में है।”
भूमध्य सागर का तीसरा सबसे बड़ा द्वीप साइप्रस, तुर्की के दक्षिण में स्थित है और यूरोपीय संघ का सदस्य है।
हंपी के अलावा, आर. वैशाली ने भी महिला कैंडिडेट्स के लिए क्वालीफाई किया है, जबकि ओपन वर्ग में आर. प्रज्ञानानंदा एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। PTI APA PM APA PM PM
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
SEO टैग: #स्वदेशी, #समाचार

