हरियाणा: पंचकूला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी झूठी निकली

Bomb (Representative Image)

चंडीगढ़, 9 फरवरी (पीटीआई)

पंचकूला के जिला अदालत परिसर को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद परिसर को खाली कराया गया और तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा गया।

अदालत परिसर और उससे सटे इलाकों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पंचकूला के सहायक पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार ने कहा, “यह एक अफवाह (झूठी धमकी) थी।”

इससे पहले शुक्रवार को अंबाला अदालत परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था, जिसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन वहां भी कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।

हाल के हफ्तों में चंडीगढ़ के कई स्कूलों के अलावा पंजाब के अमृतसर, जालंधर और पटियाला तथा हरियाणा के अंबाला में भी इसी तरह की बम धमकियां मिली थीं, जो बाद में झूठी साबित हुईं।