पानीपत, 11 फरवरी (पीटीआई) यहां बुधवार को कपास के कचरे के कपड़े के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि एहतियातन पुलिस ने आसपास के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि पास के कुछ मकान भी जलकर खाक हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था और पानीपत, करनाल तथा सोनीपत से करीब 15 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
पानीपत अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने बताया कि करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जिस इलाके में आग लगी वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है और एहतियात के तौर पर लोगों को वहां से हटाया गया।
उन्होंने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और इस घटना में किसी की जान नहीं गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पास के कुछ मकान भी आग की चपेट में आ गए।
एक निवासी ने कहा, “मैं गरीब आदमी हूं और मेरा सामान आग में जलकर खाक हो गया। पहले भी हमने इस फैक्ट्री के घनी आबादी वाले इलाके में होने को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
उन्होंने कहा, “हम मांग करते हैं कि फैक्ट्री को यहां से हटाया जाए और हमें हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।” PTI SUN OZ OZ

