म्यूनिख, 15 दिसंबर (एपी) बायर्न म्यूनिख के गोलकीपर मैनुअल नॉयर हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की चोट के कारण अपनी टीम का साल का आखिरी मैच मिस कर सकते हैं।
क्लब ने सोमवार को कहा कि 39 वर्षीय क्लब कप्तान नॉयर की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट की पुष्टि मेडिकल जांच में हुई है। यह चोट उन्हें रविवार को माइंज के खिलाफ खेले गए 2-2 के ड्रॉ मुकाबले के बाद पता चली, जिसमें नॉयर ने पूरा मैच खेला था। यह मैच बुंडेसलीगा में अपराजित शीर्ष पर चल रही बायर्न के लिए अंक गंवाने का एक दुर्लभ मामला था।
बायर्न ने कहा कि नॉयर “फिलहाल” उपलब्ध नहीं होंगे, हालांकि चोट की गंभीरता को लेकर कोई और जानकारी नहीं दी गई।
रविवार को बुंडेसलीगा में हाइडेनहाइम के खिलाफ होने वाला मुकाबला शीतकालीन अवकाश से पहले क्लब का आखिरी मैच है। जर्मन चैंपियन बायर्न इसके बाद 11 जनवरी को वोल्फ्सबर्ग के खिलाफ मैदान में उतरेगी। (एपी)

