19 जनवरी से राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा उत्तर प्रदेश, लोकसभा अध्यक्ष सहित देशभर के विधानमंडलों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

New Delhi: Lok Sabha Speaker Om Birla delivers the valedictory address to conclude the 28th Conference of Speakers and Presiding Officers of the Commonwealth (CSPOC), in New Delhi, Friday, Jan. 16, 2026. (PTI Photo/Shahbaz Khan) (PTI01_16_2026_000295B)

लखनऊ, 18 जनवरी (पीटीआई) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 19 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन और 62वें राज्य विधानसभाओं व विधान परिषदों के सचिवों के सम्मेलन में भाग लेंगे। इन दोनों राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों की मेजबानी उत्तर प्रदेश विधानमंडल करेगा।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देशभर के विधानमंडलों से पीठासीन अधिकारी, सचिव और अन्य प्रतिष्ठित प्रतिनिधि इन समवर्ती सम्मेलनों में विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, सदन के संचालन, सुशासन और अन्य समसामयिक विधायी मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

विज्ञप्ति के मुताबिक, इन कार्यक्रमों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी, सभापति, अध्यक्ष और सचिव शामिल होंगे।

सम्मेलनों का औपचारिक उद्घाटन 19 जनवरी को यहां विधान भवन में किया जाएगा। उद्घाटन सत्र के दौरान एक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा और संवैधानिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न समितियों की बैठकें होंगी।

20 जनवरी को पूर्ण सत्र के दौरान एजेंडा से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

21 जनवरी को होने वाले समापन सत्र में संवैधानिक अधिकारियों के संबोधन होंगे। सम्मेलन के दौरान विधायी परंपराओं, संसदीय नवाचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर मंथन किया जाएगा।

सम्मेलन के बाद 22 जनवरी को प्रतिभागी अयोध्या धाम का भ्रमण करेंगे, जबकि प्रतिनिधि 23 जनवरी को प्रस्थान करेंगे।

पीटीआई CDN PRK PRK