
नई दिल्ली, 5 जून (पीटीआई)
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दोपहिया और कारों की बिक्री में गिरावट तथा मोबाइल मार्केट में गिरावट का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी राजनीति की ज़रूरत है जो इवेंट्स की चमक-दमक से नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की ज़िंदगी की सच्चाई से जुड़ी हो।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश को ऐसी अर्थव्यवस्था चाहिए जो हर भारतीय के लिए काम करे, न कि केवल चुनिंदा पूंजीपतियों के लिए।
राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हिंदी में लिखा,
“आंकड़े सच बताते हैं। पिछले एक साल में टू-व्हीलर की बिक्री 17% और कारों की बिक्री 8.6% गिर गई है। मोबाइल मार्केट में भी 7% की गिरावट आई है। दूसरी ओर, खर्च और कर्ज लगातार बढ़ रहे हैं—घर का किराया, घरेलू महंगाई, शिक्षा खर्च, लगभग सब कुछ महंगा होता जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “ये केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि वह आर्थिक दबाव है जिसके नीचे हर आम भारतीय दबा हुआ है।”
राहुल गांधी ने कहा,
“हमें ऐसी राजनीति चाहिए जो इवेंट्स की चमक-दमक नहीं, बल्कि आम ज़िंदगी की सच्चाई से जुड़ी हो—जो सही सवाल पूछे, हालात को समझे और जिम्मेदारी से जवाब दे। हमें ऐसी अर्थव्यवस्था चाहिए जो हर भारतीय के लिए काम करे, न कि सिर्फ कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों के लिए।”
कांग्रेस लगातार सरकार पर अर्थव्यवस्था के प्रबंधन को लेकर हमला करती रही है। पार्टी का आरोप है कि बढ़ती महंगाई, घटता निजी निवेश और स्थिर वेतन जैसी समस्याओं से आम लोग परेशान हैं।
पीटीआई ASK RHL
