नई दिल्ली, 14 जून (पीटीआई)
भारतीय जिम्नास्ट प्रणति नायक ने दक्षिण कोरिया के जेचियोन में चल रही 12वीं सीनियर महिला एशियन आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप्स की वॉल्ट फाइनल में कांस्य पदक जीत लिया है। 30 वर्षीय प्रणति ने 13.466 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
चीन की यीहान झांग ने 13.650 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि वियतनाम की थी क्विन्ह न्हू गुयेन ने 13.583 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
युवा भारतीय जिम्नास्ट प्रतिष्ठा सामंता ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 13.016 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं, उन्हें पदक से मामूली अंतर से चूकना पड़ा।
इस उपलब्धि के साथ प्रणति नायक ने एशियाई चैंपियनशिप्स में अपना तीसरा पदक हासिल कर लिया है, जिससे उन्होंने दिग्गज जिम्नास्ट दीपा करमाकर (दो पदक) को पीछे छोड़ दिया। प्रणति ने इससे पहले 2019 (उलानबातर) और 2022 (दोहा) में भी वॉल्ट में कांस्य पदक जीता था।
टोक्यो 2020 ओलंपियन प्रणति नायक ने फाइनल में पहले प्रयास में 13.666 अंक हासिल किए, लेकिन दूसरे वॉल्ट में 12.866 अंक मिलने से कुल स्कोर थोड़ा कम हो गया।
उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 13.083 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। प्रतिष्ठा ने भी 12.916 अंकों के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

