दिल्ली: जनपथ रोड स्थित कॉमन सेंट्रल सचिवालय भवन में आग, कोई हताहत नहीं

नई दिल्ली, 14 जून (पीटीआई)

शनिवार सुबह जनपथ रोड पर निर्माणाधीन कॉमन सेंट्रल सचिवालय (CCS) भवन की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के एक अधिकारी ने बताया कि आग की सूचना सुबह 11:13 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत 15 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12:20 बजे आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

आग से भवन के एक हॉल के फर्नीचर, फिटिंग्स और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।

असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर रविंदर सिंह ने बताया कि भवन निर्माणाधीन था और उस समय कुछ मजदूर भी अंदर मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से बाहर निकाल लिया गया।

कॉमन सेंट्रल सचिवालय (CCS) भवन सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसके तहत केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों और अन्य कार्यालयों के लिए 10 कार्यालय भवन बनाए जा रहे हैं।